
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट
हैदराबाद, 26 जून, 2025. यहां की स्पेशल ऑपरेशन टीम ( एसओटी ) और हयात नगर वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में वन्य जीव अपराध के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है. पुलिस ने एलबी नगर इलाके में दबिश देकर 3 करोड रुपए कीमत के दो हाथी दांत जब्त किए हैं. यह कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर की गई, जिसमें दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस आयुक्त सुधीर बाबू ने बताया कि एसओटी टीम को सूचना मिली थी कि कुछ लोग एलबी नगर इलाके में हाथी दांत बेचने की फिराक में है. इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर छापा मारा और आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया. जब्त किए गए हाथी दांत एक टीवी कवर में छिपाकर लाए गए थे. आरोपी प्राइवेट बस में सवार होकर आंध्र प्रदेश के शेषाचलम जंगलों से हाथी दांत हैदराबाद लेकर आए थे. पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी पहले भी रेड सेंडर्स ( लाल चंदन) की तस्करी में शामिल रह चुके हैं. उन्हें इस मामले में पूर्व में जेल हो चुकी है. जेल से छूटने के बाद उन्होंने वन्य जीव तस्करी का नया रास्ता अपनाया और अब हाथी दांत की तस्करी में लगे थे. जब्त हाथी दांत की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3 करोड़ आंकी गई है. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है और जांच को आगे बढ़ा रही है. वहीं, आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत मामला दर्ज किया गया है, साथ ही उनके मोबाइल डेटा और संपर्क सूत्रों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस तस्करी में और कौन-कौन शामिल है. मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान आंध्र प्रदेश के रायचोटी निवासी 32 वर्षीय रेकुलकुंटा प्रसाद के रूप में हुई है. उसके पास से 5.62 किलोग्राम वजन के दो हाथी दांत और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है.