तेलंगाना की केमिकल फैक्ट्री में धमाका : 12 की मौत, 34 घायल, 4 शव बरामद

तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में सोमवार सुबह दवा बनाने वाली फैक्ट्री की रिएक्टर यूनिट में विस्फोट हो गया. इस घटना में 12 मजदूरों की मौत हो गई और 34 जख्मी हो गए यह हादसा पाशमिलाराम इंडस्ट्रियल एरिया स्थित सिगाची इंडस्ट्रीज में सुबह 8:15 बजे से 9:30 बजे के बीच हुआ.

संगारेड्डी / हैदराबाद, 30 जून, 2025. राज्य के श्रम मंत्री जी विवेक वेंकटस्वामी ने कहा – अब तक 4 शव बरामद हुए हैं. हमें उम्मीद है कि अब और कोई मौत नहीं होगी. आईजी पुलिस वी. सत्यनारायण ने बताया कि घटना के दौरान फैक्ट्री में 150 लोग थे, जहां ब्लास्ट हुआ वहां 90 लोग काम कर रहे थे.

धमाके से कई मीटर दूर जा गिरे मजदूर+ एक मजदूर ने बताया कि सुबह 7 बजे नाइट शिफ्ट पूरी करके मैं बाहर निकला था. सुबह की शिफ्ट का स्टाफ अंदर आ चुका था. धमाका करीब 8 बजे हुआ. शिफ्ट में मोबाइल जमा हो जाता है, इस वजह से अंदर काम कर रहे लोगों की कोई खबर बाहर नहीं मिल पाई. एक मजदूर की महिला परिजन ने बताया कि उनके परिवार के 4 लोग फैक्ट्री में काम करते हैं. इनमें उनका बेटा, दामाद, जेठ और देवर शामिल है. इनमें से 3 सुबह की शिफ्ट में थे. प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि वहां काम कर रहे मजदूर करीब 100 मीटर दूर जाकर गिरे. विस्फोट की वजह से रिएक्टर यूनिट तबाह हो गई है. कंपनी के एक कर्मचारी ने बताया कि अधिकतर मजदूर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओड़िशा और पश्चिम बंगाल के रहने वाले बताए जाते हैं. एक शिफ्ट में 60 से ज्यादा मजदूर और 40 अन्य लोगों का स्टाफ काम करता है.

65 देशों में एक्सपोर्ट होते हैं कंपनी के प्रोडक्ट
सिगाची इंडस्ट्रीज फार्मास्यूटिकल पाउडर बनाती है. यह साल 1889 से माइक्रो क्रिस्टलाइन सैलूलोज ( एमसीसी ) बना रही है. यह सफेद रंग का पाउडर होता है. इसमें कोई गंध या स्वाद नहीं होता है.एमसीसी का उपयोग दवा और कॉस्मेटिक इंडस्ट्री में किया जाता है. सिगाची इंडस्ट्रीज की हैदराबाद समेत पूरे देश में 5 फैक्ट्रियां हैं. कंपनी के प्रोडक्ट 65 से ज्यादा देशों में एक्सपोर्ट किए जाते हैं. फैक्ट्री में ब्लास्ट के बाद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में सिगाची इंडस्ट्रीज के शेयर में 9.89% की गिरावट आई. अब तक यह 49.72 रुपए प्रति शेयर पर कारोबार कर रहा है.
इस बीच पीएम नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री तेलंगाना रेवंत रेड्डी ने एक्स पर पोस्ट करके हादसे पर दुख जताया है. वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी ने प्राइम मिनिस्टर नेशनल रिलीफ फंड से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए और
घायलों को 50 हजार रुपए की मदद दिए जाने की घोषणा की है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मरने वालों का आंकड़ा और बढ़ सकता है क्योंकि सूत्र बताते हैं, मलबे में अभी भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका है. खबर है कि एनडीआरफ, डीआरएफ, एसडीआरएफ की टीमों के साथ ही फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां घटनास्थल पर मौजूद हैं एवं रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.