‘ माझी और चिराग पीएम के कैबिनेट सहयोगी, मतभेद…लोजपा आर और हम पर बोले जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार

बिहार चुनाव से पहले दलित वोटो की दावेदारी में एनडीए के दो घटक दलों लोजपा आर और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के बीच खींचतान चल रही है. इस पर अब जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार का बयान आया है.

पटना/ हैदराबाद, 1 जुलाई, 2025. बिहार विधानसभा चुनाव की घड़ी करीब आ रही है. अक्टूबर– नवंबर तक बिहार विधानसभा के चुनाव होने हैं और चुनावी साल में सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ( एनडीए) के दो घटक दल हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा ( लोकतांत्रिक) और लोक जनशक्ति पार्टी ( रामविलास ) के बीच दलित वोटो की दावेदारी पर खींचतान तेज हो गई है.बात निजी हमलों तक पहुंच चुकी है. हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संरक्षक जीतन राम मांझी ने लोजपा( आर ) के प्रमुख चिराग पासवान को लेकर यह तक कह दिया है कि उनके पास अनुभव की कमी है. दोनों दलों के बीच जारी खींचतान पर अब बिहार में एनडीए की अगुवाई कर रही जनता दल ( यूनाइटेड) का भी बयान आया है . जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता और बिहार विधान परिषद के सदस्य नीरज कुमार ने कहा है कि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संरक्षक जीतन राम मांझी और एलजेपीआर के प्रमुख चिराग पासवान पीएम नरेंद्र मोदी के कैबिनेट सहयोगी हैं. उन्होंने कहा कि किसी मुद्दे पर आपस में मतभेद हो सकता है, लेकिन मेरे समझ में मनभेद नहीं है. जदयू के मुख्य प्रवक्ता ने यह भी कहा कि दोनों ही नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मिलते रहते हैं. जीतन राम मांझी और चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दलितों के विकास से संबंधित नीतियों का समर्थन भी किया है . उन्होंने दावा किया कि सभी कह रहे हैं — 2025 से तीस, फिर से नीतीश. इससे पहले, नीरज कुमार ने जीडीयू कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगाए जाने और पार्टी के बीजेपी में विलय के कयासों पर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि दोनों दल एक– दूसरे के सहयोगी हैं. वहीं, जदयू का अपना राजनीतिक आधार है.