बीच सड़क पर सांसद की गाड़ी रोका, पटना में छात्रों का बवाल, डोमिसाइल नीति की मांग


हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट

पटना में डोमिसाइल नीति की मांग को लेकर बुधवार को मार्च निकाला गया. हजारों की संख्या में छात्र सड़क पर उतरे और जमकर हंगामा किया.

पटना/ हैदराबाद, 2 जुलाई, 2025. डोमिसाइल की मांग को लेकर बिहार की राजधानी पटना में आंदोलन कर रहे छात्रों पर डाक बंगला चौराहा पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया. इसी बीच भाजपा की एक सांसद की गाड़ी रास्ते से गुजर रही थी. जिसे छात्रों ने रोकने की कोशिश की और अपनी बात रखनी चाही. इसी दौरान मौजूद पुलिस कर्मियों ने छात्रों पर लाठी चार्ज कर दिया. खबर है कि लाठी चार्ज में दर्जनों छात्र घायल हुए हैं.

पटना में छात्रों पर लाठी चार्ज

सूत्र बताते हैं कि जिन पुलिस कर्मियों को हाथ में लाठी नहीं था, उन्होंने लात घुसे से छात्रों की पिटाई की. इस दौरान लात चलाते हुए पुलिसकर्मियों ने यह भी नहीं देखा कि वह छात्राओं के ऊपर भी लात चला रहे हैं. लाठी चार्ज हुआ तो छात्रों के बीच भगदड़ मच गई. वहीं बड़ी संख्या में छात्र नीचे गिरकर घायल हुए हैं.

डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग

दरअसल, प्रदेश में अभ्यर्थियों को चौथे चरण के शिक्षक बहाली का इंतजार है. पिछले तीन चरण में जिस प्रकार यूपी और अन्य राज्यों के युवाओं की बिहार में नौकरी लगी है, उससे बिहार के युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं. ऐसे में चौथे चरण की शिक्षक वैकेंसी जल्द लाने और इसमें डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग को लेकर बुधवार को पटना में बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रदर्शन किया.

2 घंटे तक यातायात पूरी तरह रहा बाधित
छात्र पटना कॉलेज से नया टोला होते हुए गांधी मैदान थाना के रास्ते एग्जीबिशन रोड से मुड़कर डाक बंगला चौराहा पहुंचे. यहां पुलिस ने बैरिकेडिंग करके छात्रों को आगे बढ़ने से रोक दिया. छात्रों की इस भीड़ में बड़ी संख्या में लड़कियां भी शामिल थी. डाक बंगला चौराहा पर एग्जीबिशन रोड से डाक बंगला चौराहा के आने वाले रास्ते में दिन 2 :30 बजे से 4:30 बजे तक 2 घंटे यातायात पूरी तरह से बाधित रहा.

मुख्य सचिव से मुलाकात

छात्र नेता दिलीप के नेतृत्व में 6 सदस्यीय छात्र-छात्राओं का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्य सचिव से बात करने के लिए निकला. उसके बाद छात्रों ने सड़क पर स्कूली बस जो जाम में फंसे थे, उन्हें निकलने दिया. वहीं मुख्य सचिव से मुलाकात करने जाने से पहले छात्र नेता दिलीप ने कहा कि पिछली बार डोमिसाइल की मांग को लेकर आंदोलन किया तो लाइब्रेरियन की वैकेंसी निकली लेकिन उसमें डोमिसाइल लागू नहीं है.” चौथे चरण की वैकेंसी की मांग है और उसमें डोमिसाइल लागू करने की भी मांग है. कम से कम 90% डोमिसाइल लागू होना चाहिए. इसी मांग को लेकर मुख्य सचिव से मिलने जा रहे हैं. हम लोग पहले मुख्यमंत्री से मिलना चाहते थे लेकिन मुख्यमंत्री के बाद मुख्य सचिव का ही पद आता है. इसलिए उनसे मिलकर अपनी बात रखेंगे. आज अगर डोमिसाइल लागू की बात सरकार नहीं करती है तो पूरे बिहार में हर जिला में घूम-घूम कर आंदोलन करेंगे और बिहार बैंड का आह्वान भी करेंगे. “