किसान संघर्ष समिति ने किया 9 जुलाई की हड़ताल का समर्थन, बिहार बंद को सफल बनाएं — डॉ सुनीलम
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट
हैदराबाद, 8 जुलाई, 2025. किसान संघर्ष समिति की कार्यकारणी बैठक में केंद्रीय श्रमिक संगठनों और अन्य मजदूर संगठनों द्वारा संयुक्त किसान मोर्चा के समर्थन के साथ की जा रही आम हड़ताल के साथ ही महागठबंधन द्वारा बिहार में किया जा रहे बिहार बंद का समर्थन किया गया है. केंद्रीय श्रमिक संगठनों एवं अन्य श्रमिक संगठनों की हड़ताल की मुख्य मांगों में आजादी के बाद श्रमिकों के लिए लागू 40 श्रम कानूनों को रद्द कर केंद्र सरकार द्वारा थोपी गई मजदूर विरोधी 4 श्रम संहिताओं को निरस्त करने, सार्वजनिक उपक्रमों का निजीकरण रोकने और सार्वजनिक सेवाओं में सुधार लाने एवं रोजगार में ठेका प्रथा और अनियमितता समाप्त करना, न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपए प्रतिमाह करना, एमएसपी की कानूनी गारंटी, किसानों की संपूर्ण कर्जा मुक्ति, सहित भारत अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौता रद्द करना आदि प्रमुख है. कार्यकारिणी बैठक को संबोधित करते हुए डॉ सुनीलम ने कहा कि देश में नई आर्थिक नीतियां लागू होने के बाद से श्रमिक संगठन लगातार सक्रिय है और यह श्रमिक संगठनों द्वारा की जा रही 22 वीं आम हड़ताल है. उन्होंने कहा कि बीजेपी 2014 के बाद निरंतर किसान मजदूर विरोधी नीतियां तो लागू कर ही रही है, साथ ही सभी लोकतांत्रिक संस्थाओं को समाप्त भी कर रही है. डॉ सुनीलम ने कहा कि बीजेपी अब बिहार में अपनी हार से घबराकर महागठबंधन से राजनीतिक लड़ाई लड़ने की बजाय चुनाव आयोग के माध्यम से लड़ाई लड़ रही है. जिसके खिलाफ महागठबंधन ने 9 जुलाई( बुधवार) को बिहार बंद का निर्णय लिया है. उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में मतदाताओं ने बीजेपी को 545 में से 240 सीटें और 2019 के चुनाव से कम 36.54% वोट दिया. इससे साफ है कि वैसाखियों पर टिकी मोदी सरकार वास्तव में अल्पमत की सरकार है, जिसे 146 करोड़ भारतीयों में से सिर्फ और सिर्फ 23.59 करोड़ मतदाताओं का समर्थन प्राप्त है. डॉ सुनील ने देश के सभी किसानों, मजदूरों, लोकतंत्र और संविधान समर्थकों से अपील की है कि वे देश में श्रमिक संगठनों की देशव्यापी हड़ताल और बिहार बंद को सफल बनाएं . आयोजित बैठक में किसान संघर्ष समिति की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुशीलाताई मोराल्ले, राष्ट्रीय प्रवक्ता एड शिव सिंह, प्रदेश अध्यक्ष एड आराधना भार्गव, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, मालवा निमाड़ क्षेत्र के संयोजक रामस्वरूप मंत्री, प्रदेश सचिव विश्वजीत रतौनिया, संत कुमार पटेल, शत्रुघन यादव, सिंगरौली जिला अध्यक्ष एड अशोक सिंह पैगाम, मऊगंज जिला अध्यक्ष हीरालाल पटेल, ग्वालियर जिला अध्यक्ष, रमेश परिहार, टीकमगढ़ जिला अध्यक्ष सुधीर शुक्ला, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश जैन, ओड़िशा से प्रदेश अध्यक्ष कल्याण आनंद, गाजीपुर — उत्तर प्रदेश से प्रदेश महामंत्री रमेश यादव, बिहार से तेज प्रताप यादव, मुलताई से भागवत परिहार आदि शामिल हुए. इस आशय की जानकारी किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय प्रवक्ता, एड शिव सिंह ने अपने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है.