पटना के पारस हॉस्पिटल में अपराधियों का तांडव

बिहार की राजधानी पटना से बड़ी वारदात सामने आई है. यहां के राजा बाजार स्थित पारस हॉस्पिटल में चार अपराधी हथियार लेकर दाखिल हुए और इलाज करा रहे कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा की कमरे में घुसकर हत्या कर दी. चंदन मिश्रा पटना के बेऊर जेल से पैरोल पर इलाज कराने आया था. वारदात के बाद पुलिस ने 12 लोगों को हिरासत में लिया है . घटना के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है. विपक्ष ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, वहीं सरकार ने सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है.

पटना/ हैदराबाद, 17 जुलाई, 2025. बिहार के पटना में सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां राजधानी के राजा बाजार स्थित ‘ पारस हॉस्पिटल’ में चार हथियारबंद बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद अस्पताल में अफरातफरी मच गई. घायल की पहचान चंदन मिश्रा के रूप में हुई है, जो बेउर जेल से पैरोल पर इलाज के लिए पटना के पारस हॉस्पिटल में भर्ती था. चंदन मिश्रा बक्सर का रहने वाला था और केसरी नाम के व्यक्ति की हत्या के मामले में आरोपी था. मिली जानकारी के मुताबिक, चंदन मिश्रा अस्पताल के कमरे में था, उसी दौरान चार अपराधी अस्पताल के अंदर दाखिल हुए और सीधे चंदन मिश्रा के कमरे में पहुंचकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. चंदन मिश्रा को गोलियां लगने के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया. घायल को तुरंत इलाज के लिए भर्ती कराया गया, लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई.

पटना के पारस हॉस्पिटल में अपराधियों का तांडव… इलाज करा गैंगस्टर चंदन मिश्रा की गोलियों से हत्या, 12 हिरासत में “
सूत्र बताते हैं कि पुलिस को चंदन मिश्रा के कमरे से 12 कारतूस बरामद हुए हैं. पुलिस ने मामले में अस्पताल के गार्ड समेत 12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है . एसएसपी पटना कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि चंदन मिश्रा कुख्यात अपराधी था और उसके विरोधी गुट ने अस्पताल में घुसकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी. उन्होंने कहा कि अपराधियों की तस्वीर पुलिस को मिल गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

राजद और कांग्रेस ने सरकार को निशाने पर लिया
इस घटना को लेकर बिहार की सियासत भी गरमा गई है. राजद के सांसद मनोज झा ने कहा कि बिहार में हत्या, रेप और अपराध रोज यही सब हो रहा है. आलोचना होती है तो बीजेपी सुनना नहीं चाहती. बिहार में लोग घर से निकलते हैं तो भगवान को प्रणाम करके निकलते हैं कि पता नहीं शाम को वापस लौट पाएंगे या नहीं.
उधर, कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि पटना में भी कोई सुरक्षित नहीं है. घर से लोग राम नाम का जाप करके निकल रहे हैं कि बचेंगे या नहीं. एनडीए वाले लालू के राज को जंगल राज कहते हैं, लेकिन आज हत्याएं और बढ़ गई है. बिहार की जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया है. वहीं बिहार के डिप्टी सीएम और बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय सिन्हा ने कहा कि अस्पताल के अंदर गोली मार दी गई, इसकी जांच की जाएगी. कोई भी अपराधी बचेगा नहीं. किसी की हत्या करने का किसी को अधिकार नहीं है. पाताल से भी ढूंढ कर अपराधी को ठोकेंगे.