धक्का-मुक्की, लात- घूंसे…महाराष्ट्र असेंबली परिसर में नया बवाल

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट

महाराष्ट्र विधानसभा परिसर में गुरुवार को सत्तासीन बीजेपी और विपक्षी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी( शरद पवार) के विधायकों और समर्थकों के बीच जमकर लात– घूंसे चले और मारपीट हुई. यह घटना मीडिया के कैमरे में कैद हो गई है.

मुंबई/ हैदराबाद, 17 जुलाई, 2025. महाराष्ट्र विधानसभा परिसर गुरुवार को( आज) उस वक्त अखाड़ा बन गया, जब सत्तासीन भाजपा और विपक्षी राष्ट्रवादी कांग्रेस( शरद पवार गुट ) के विधायक आपस में ही भिड़ गए. इस दौरान दोनों तरफ से विधायकों के बीच धक्का मुक्की, छीनझपटी और लात – घूंसे चले. ये सारा नजारा वहां मीडिया के कैमरे में कैद हो गया. दरअसल, भाजपा विधायक गोपीचंद पडलकर और एनसीपी ( शरद पवार) विधायक जितेंद्र आव्हाड के बीच कुछ समय से तनातनी चल रही थी. जो गुरुवार को हिंसक रूप में तब्दील हो गई . इससे पहले गोपीचंद पडलकर और जितेंद्र आव्हाड के बीच तीखी बहस हुई थी. दोनों नेताओं ने एक — दूसरे को विधानसभा परिसर गेट के पास गाली गलौज भी की थी. अभी यह मामला गरम ही थी कि पडलकर और आव्हाड समर्थकों के बीच तीखी बहस हो गई और देखते ही देखते दोनों नेताओं के समर्थक विधान भवन की लॉवी में आपस में भिड़ गए और मारपीट कर बैठे.

जितेंद्र आव्हाड के गंभीर आरोप

इस बीच एनसीपी विधायक जितेंद्र आव्हाड ने गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा,’ गुंडे मुझे मारने के लिए विधान भवन आए थे, लेकिन मुझे मारने के बजाय, मेरे कार्यकर्ताओं पर हमला किया. विधान भवन में क्या चल रहा है ?’ गाली गलौज से शुरू हुआ यह विवाद धक्का मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया है. इससे आशंका जताई जा रही है कि महाराष्ट्र में राजनीतिक पारा और चढ़ने वाला है.

स्पीकर बोले, तुरंत होगी जांच

बता दें कि, बुधवार को जब विधानसभा परिसर में रेड कार्पेट पर चलते हुए जितेंद्र आव्हाड ने एक महिला के” मंगलसूत्र” को लेकर टिप्पणी की थी और इस टिप्पणी को व्यापक रूप से पड़लकर पर तंज के रूप में देखा गया था. हालांकि, आव्हाड ने किसी का नाम नहीं लिया था. इसके बावजूद भी दोनों नेताओं के बीच विवाद और गाली गलौज चरम तक पहुंच गया. वहीं, गुरुवार की घटना पर बीजेपी के विधायक संजय उपाध्याय ने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर से कार्रवाई की मांग की है. अध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि तुरंत मामले की जांच कराई जाएगी. घटना पर दुख और रोष जताते हुए उद्धव ठाकरे ने पूछा कि ऐसे गुंडो को विधानसभा परिसर में घुसने का इजाजत किसने दी . उन्होंने भी इस घटना पर कार्रवाई की मांग की है.