
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट
बालेश्वर की 20 वर्षीय छात्रा की मौत पर कांग्रेस समेत आठ विपक्षी दलों के आहूत पर आज ओड़िशा बंद का व्यापक असर देखा गया. राहुल गांधी ने छात्रा हत्याकांड को भाजपा तंत्र की सुनियोजित हत्या करार दिया

भुवनेश्वर / बालेश्वर/ संबलपुर/ हैदराबाद, 17 जुलाई, 2025. बालेश्वर घटना को लेकर गुरुवार को 12 घंटे का राज्यव्यापी बंद असरदार रहा. कांग्रेस समेत आठ विपक्षी राजनीतिक दलों ने बालेश्वर की 20 वर्षीय छात्रा सौम्याश्री की मौत के मामले में एकजुट होकर आज 17 जुलाई को” ओड़िशा बंद ” का आहूत किया था . कांग्रेस की अगुवाई में विपक्ष राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री का इस्तीफा और न्यायिक जांच की मांग कर रहा है. इस बंद से पहले ओड़िशा के बालेश्वर जिले में छात्रा की मौत के विरोध में विपक्षी बीजू जनता दल मंगलवार को बालेश्वर जिला बंद कराया था . इस दौरान स्कूल कॉलेज और बाजार सहित यातायात पर भी असर पड़ा था. वहीं, आज ओड़िशा बंद के दौरान राज्य भर में अधिकतर वाहन सड़कों से नदारद दिखे. जबकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बालेश्वर रेलवे स्टेशन पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए ट्रेन को रोक दिया. इस संदर्भ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा कि सिर्फ कॉलेज प्रशासन ही नहीं, बल्कि पुलिस अधीक्षक, जिला कलेक्टर, और संबंधित थाना अधिकारी सहित स्थानीय विधायक की भी गिरफ्तारी होनी चाहिए. भक्त चरणदास ने कहा कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज कर दिया जाएगा.
बालेश्वर कांड पर विपक्ष ने सरकार को घेरा
मिली जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भर में कई जगहों पर चक्का जाम किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की . वहीं, कई जिलों में निजी और सरकारी बस सेवा प्रभावित रही. बाजार बंद रहे. हालांकि, बंद के दौरान अस्पताल और स्वास्थ्य सेवा, अनिवार्य सेवा एवं दूध– सब्जी की दुकानें खुली रही. इस बीच कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस मौत को भाजपा की तंत्र की ओर से सुनियोजित हत्या करार दिया और बीजेपी पर पीड़िता की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया. राहुल गांधी ने कहा, ओड़िशा में न्याय के लिए लड़ रही एक बेटी की मौत भाजपा के सिस्टम द्वारा की गई हत्या से कम नहीं है. उस बहादुर छात्रा ने यौन उत्पीड़न के खिलाफ भरपूर आवाज उठाई, लेकिन न्याय दिलाने के बजाय उसे धमकाया गया, अपमानित किया गया. जिन पर उनकी रक्षा करने की जिम्मेदारी थी, वे ही उसे चुप रहने को कहा.
