लोकसभा में विपक्ष का हंगामा

संसद का मानसून सत्र पहलगाम हमले और एयर इंडिया विमान दुर्घटना के पीड़ितों को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के साथ शुरू हुआ. लोकसभा में प्रश्नकाल की शुरुआत होते ही विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी और जोरदार हंगामा किया
नई दिल्ली/ हैदराबाद, 21 जुलाई, 2025. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्ष के सदस्यों से कहा कि प्रश्नकाल के बाद ‘ ऑपरेशन सिंदूर ‘ पर चर्चा होगी. हालांकि, विपक्ष की नारेबाजी जारी रही. ओम बिरला ने कहा, ” सरकार हर मुद्दे पर जवाब देना चाहती है. सदन चलना चाहिए. आप यहां नारे लगाने नहीं आए हैं. सदन नियमों और प्रक्रियाओं से चलता है. नियमों के मुताबिक, उठाए गए सभी मुद्दों पर चर्चा होगी. ” इसके बाद उन्होंने लोकसभा में भारी हंगामें के बीच लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12बजे तक के लिए स्थगित कर दी .
बता दें कि, विपक्ष की मांग है कि सदन में पहले पहलगाम हमला, ऑपरेशन सिंदूर और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से किए जा रहे दावों पर चर्चा हो.

संसद का मानसून सत्र आज से शुरू हो गया है और यह 21 अगस्त तक चलेगा. संसद का मानसून सत्र शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया को संबोधित किया:– अपने संबोधन को एक्स पर शेयर करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, ” मैं कामना करता हूं कि संसद का मानसून सत्र सार्थक हो और इसमें समृद्ध चर्चाएं हो, जो हमारे लोकतंत्र को मजबूत बनाएं. ” अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने भारत की सैन्य शक्ति का जिक्र करते हुए कहा, ” पूरी दुनिया ने भारत की शनि शक्ति और समर्थ का रूप देखा है. ऑपरेशन सिंदूर में भारत की सेना ने जो लक्ष्य निर्धारित किया था, उसे सौ फ़ीसदी पूरा किया. पीएम मोदी ने कहा, ” इस मानसून सत्र में देश की प्रगति को बल देने वाले अनेक विधेयक प्रस्तावित है, सदन विस्तृत चर्चा करके उन्हें पारित करेगा . सभी सांसदों को उत्तम डिबेट चलाने के लिए शुभकामनाएं. वहीं विपक्ष की मांग है कि पीएम मोदी मानसून सत्र में हिस्सा लें और पहलगाम हमले, ऑपरेशन सिंदूर और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणियों पर चर्चा करें.

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि विपक्ष चाहता है कि आज संसद का सारा काम रोककर उन मुद्दों पर चर्चा हो, जिस पर विपक्ष लगातार चर्चा की मांग करता आया है. आज से संसद का मानसून सत्र शुरू होने जा रहा है. इससे पहले कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने मीडिया से बात की. उन्होंने कहा, ” हम चाहते हैं कि आज प्रधानमंत्री सदन में आएं. आज संसद का सारा काम रोककर पहलगाम हमला, ऑपरेशन सिंदूर और उसके बाद संघर्ष विराम पर चर्चा हो . ” वहीं बीजेपी सांसद संजय जायसवाल ने कहा, ” कल संसदीय कार्य मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा वो
( विपक्ष) जिस पर चर्चा चाहते हैं, हम तैयार हैं… किस विषय पर क्या बोलना है और किसको बोलना है, वो सरकार तय करती है… लोकसभा का काम है अच्छे से चर्चा कराना और बिल पास कराना. “

बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव सोमवार 21 जुलाई से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र में हिस्सा लेने दिल्ली पहुंचे हैं. मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन ( एसआईआर ) यानी मतदाता सूची में सुधार बड़ा मुद्दा है. उन्होंने कहा, ” एसआईआर… वोट चुराने की साजिश है, उसको नहीं चलने दिया जाएगा. बिहार और बिहारी पर जो हमले हुए हैं, गरीबी और गरीब पर जो हमले किए गए हैं, वो मुद्दा सबसे बड़ा है. जब तक सरकार इन मुद्दों को वापस नहीं लेती है, तब तक सदन नहीं चलेगा. “