
ओड़िशा में एनएसयूआई प्रेसिडेंट दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार, छात्रा बोली — नशीला ड्रिंक पिलाकर किया रेप
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट
ओड़िशा पुलिस ने रविवार को दुष्कर्म के आरोप में कांग्रेस की राज्य छात्र इकाई ( एनएसयूआई ) के प्रदेश अध्यक्ष उदित प्रधान को गिरफ्तार किया है. ये गिरफ्तारी 19 साल की पीड़ित छात्रा की शिकायत पर की गई है. वहीं, कांग्रेस ने प्रधान को सभी पदों से बर्खास्त करते हुए पार्टी से भी निष्कासित कर दिया है.
भुवनेश्वर / हैदराबाद, 20 जुलाई, 2025.पीड़ित छात्रा ने घटना की शिकायत रविवार, 20 जुलाई को भुवनेश्वर स्थित मंचेश्वर पुलिस थाने में दर्ज कराते हुए बताया कि बीते 18 मार्च को उदित प्रधान ने डिनर के लिए बुलाया था, जहां एक कोल ड्रिंक दिया गया. पीड़िता का दावा है कि उस ड्रिंक में कुछ नशीला पदार्थ मिलाया गया था. उसके बाद आरोपी एक होटल में ले गया और बेहोशी की हालत में दुष्कर्म किया. ओड़िशा पुलिस का कहना है कि मामले की तहकीकात की जा रही है. साथ ही मेडिकल रिपोर्ट तथा अन्य सबूतों की जांच भी की जा रही है . वहीं, भाजपा नेता अमित मालवीय ने कांग्रेस से सवाल पूछा कि पार्टी अपने नेताओं को कब तक बचाती रहेगी ?
बीजेपी बोली — कांग्रेस की चुप्पी भी एक तरह से अपराध में साथ देने जैसा है.
भाजपा नेता अमित मालवीय ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि यह बहुत ही शर्मनाक है, लेकिन अब चौंकाने वाली बात नहीं रही. इससे पहले बालेश्वर की पीड़िता की आत्महत्या का मामला सामने आया था, जिसमें बीजेडी और कांग्रेस के छात्र नेताओं पर लड़की को बदनाम करने का आरोप था, मालवीय ने पूछा– आखिर ये पार्टियां अपने नेताओं को कब तक बचाती रहेगी? कितनी और बेटियों को तकलीफ झेलनी पड़ेगी, तब जाकर कोई सख्त कदम उठाया जाएगा ? उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मौन भी एक तरह से अपराध में साथ देने जैसा है. अब समय आ गया है कि ऐसे मामलों में सच्चाई सामने लाई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो .