जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर मल्लिकार्जुन खड़गे बोले,’ सरकार को जवाब देना चाहिए

कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जगदीप धनखड़ के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफे देने पर प्रतिक्रिया दी है .

नई दिल्ली/ हैदराबाद, 23 जुलाई, 2025. मल्लिकार्जुन खड़गे ने मीडिया से कहा, ” सरकार को जवाब देना चाहिए कि जगदीप धनखड़ ने इस्तीफा क्यों दिया. इसका कारण क्या है? इसके पीछे क्या राज है? ” हमें लगता है कि दाल में कुछ काला है. उनका स्वास्थ्य भी ठीक है. वो बीजेपी और आरएसएस को जितना डिफेंड करते थे, शायद खुद आरएसएस और बीजेपी के लोग भी नहीं करते थे. ” जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सोमवार को भेजे अपने इस्तीफे में धनखड़ ने कहा कि वह” स्वास्थ्य देखभाल को प्राथमिकता देने के लिए तत्काल प्रभाव से पद को छोड़ रहे हैं.

मानसून सत्र : लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही पहले 12 बजे तक और फिर दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित. वहीं, संसद के दोनों सदनों यानी लोकसभा और राज्यसभा में बुधवार को कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया. हंगामा को देखते हुए लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही आज तीसरे दिन भी दो बार स्थगित कर दी गई. लोकसभा में हंगामा होने पर स्पीकर ओम बिरला ने कहा, ” सदन चर्चा और संवाद के लिए है, हंगामा करने के लिए नहीं. ” संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से शुरू हुआ है.

ममता बनर्जी बोली,’ जगदीप धनखड़ का स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक है’

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि उनका मानना है कि क्या दीप धनखड़ का स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक है. बनर्जी ने राज्य सचिवालय नबन्ना में पत्रकारों से कहा, ” राजनीतिक दल यह तय नहीं कर सकते कि धनखड़ ने इस्तीफा क्यों दिया. “

बिहार में एसआईआर पर संसद परिसर में ‘ इंडिया गठबंधन का विरोध प्रदर्शन, विपक्ष और सरकार ने क्या कहा ?

बुधवार को संसद के दोनों सदनों यानी लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा हो गया.
हंगामा को देखते हुए दोनों सदनों ( लोकसभा और राज्यसभा ) की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. पहले जब लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हुई थी तो हंगामा होने पर इसे 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया था. इस बीच सदन परिसर में ‘ इंडिया’ गठबंधन ने बिहार में हो रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन ( एसआईआर ) पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. आरजेडी के मनोज झा ने संसद परिसर में मीडिया से कहा, ” किसी पार्टी के इशारे पर जब ( मतदान से) बेदखली की परियोजना चलाते हैं तो इतिहास भुगतेगा. ” वहीं, कांग्रेस के सांसद प्रमोद तिवारी ने संसद परिसर में कहा, ” वोट बंदी हो रही है तो हम इसके खिलाफ हैं. ” + विपक्ष के आरोप पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, ” सरकार हर विषय पर चर्चा करने को तैयार है. सदन तो चलने दीजिए. एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है. ” बिहार में ऐसे समय में चुनाव आयोग एसआईआर करा रहा है जब इस साल के आखरी में राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं.