कमरे में बेड पर जल रहे थे शव… रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात से दहला बिहार , वारदात में किसकी साजिश

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की दिल दहला देने वाली रिपोर्ट
पटना के जानीपुर में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां दो मासूम बच्चों की एक ही कमरे में जली हालत में शव मिले हैं. परिजनों का आरोप है कि यह सुनियोजित हत्या है. पुलिस ने भी मामले को हत्या मानते हुए जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद इलाके में भारी तनाव है और आक्रोशित लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है.

पटना/ हैदराबाद, 1 अगस्त, 2025. पटना के जानीपुर इलाके में एक नृशंस घटना ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया. यहां दो मासूम बच्चों अंजलि और अंश की बेरहमी से हत्या कर दी गई और बाद में शव को घर के कमरे में बंद कर जलाने की कोशिश की गई. यह वारदात दोपहर के वक्त की बताई जा रही है, जब दोनों बच्चे घर पर अकेले थे. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. जबकि इस वारदात को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और गुस्सा है. यह वारदात पटना के जानीपुर के नगवां गांव की है. मृतक बच्चों के पिता ने बताया कि हम चुनाव आयोग में कार्यरत हैं और पत्नी एम्स में सुरक्षाकर्मी है. बच्चे स्कूल से आकर घर में सो रहे थे, तभी किसी ने घर में घुसकर दोनों बच्चों को आग के हवाले कर दिया. जब हम घर पहुंचे तो देखा कि दोनों बच्चे जल रहे हैं. बच्चों की उम्र 10 और 12 साल बताई जा रही है. परिजनों का आरोप है कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि साजिश है. बच्चों के पिता लल्लन गुप्ता का कहना है कि बच्चों की परीक्षा चल रही है. हम लोग घर पर नहीं थे. इस दौरान मेरे बेटा– बेटी को जला दिया गया. मेरी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है. वहीं, इस वारदात को लेकर पटना पश्चिम क्षेत्र के शहर एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि यह हत्या का मामला है. यह जांच का विषय है कि हत्या के बाद दोनों को जलाया गया या फिर जलाकर मारा गया. इस घटना में कोई बेहद करीबी व्यक्ति शामिल हो सकता है. कोई बाहरी व्यक्ति घटना में शामिल होता तो आसपास किसी ने देखा होता . दोपहर के वक्त घटना हुई. फॉरेंसिक और डॉग स्क्वाड टीमों को भी जांच में लगाया गया है. परिजन अभी बात कर पाने की स्थिति में नहीं है. उनके द्वारा जो जानकारी दी जाएगी, उन बिंदुओं पर भी जांच होगी.
राजद ने नीतीश सरकार पर साधा निशाना
इस हत्याकांड को लेकर आरजेडी प्रवक्ता एजाज अहमद ने नीति से सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि जानीपुर की घटना नृशंस है. बिहार में अपराधी मस्त हैं और शासन पस्त है. घटना में शामिल अपराधियों को तुरंत पकड़ा जाना चाहिए. वहीं बीजेपी के प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने कहा कि जानीपुर की घटना दुखद है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. अपराधी कितने भी दबंग हों, बचेंगे नहीं. इधर, घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में गुस्सा भड़क उठा और भारी संख्या में गुस्साए लोगों ने जानीपुर एम्स मुख्य मार्ग पर आगजनी कर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन कार्यो ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी नारेबाजी की. मासूम अंजलि और अंश की नृशंस हत्या ने पूरे बिहार को झकझोड़ कर रख दिया है.