
हैदराबाद क्रिकेट संघ के अध्यक्ष, सीईओ और कोषाध्यक्ष अरेस्ट, फंड्स की हेराफेरी का आरोप

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट
तेलंगाना पुलिस के क्राईम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट ने बीते दिनों हैदराबाद क्रिकेट संघ के अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सीईओ और दो अन्य को जालसाजी, धोखाधड़ी और फंड्स के दुरुपयोग के आरोप में अरेस्ट किया है.
हैदराबाद, 1 अगस्त, 2025. तेलंगाना पुलिस के क्राईम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट ने तेलंगाना क्रिकेट संघ के अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सीईओ और दो अन्य को जालसाजी, धोखाधड़ी और फंड्स के दुरुपयोग के आरोप में अरेस्ट किया है.
सीआईडी ने गुरुवार को बताया कि उसने एचसीए अध्यक्ष ए. जगनमोहन राव, कोषाध्यक्ष सी. जे. श्रीनिवास राव, सीईओ सुनील कांटे, श्री चक्र क्रिकेट क्लब के महासचिव राजेंद्र यादव और चक्र क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष जी. कविता को अरेस्ट किया है. सीआईडी की एडिशनल डीजीपी चारू सिन्हा के मुताबिक, यह आरोपियों के
जरिए धोखाधड़ी और फंड्स के दुरुपयोग के उद्देश्य से दस्तावेजों की जालसाजी और आपराधिक विश्वासघात का मामला है. तेलंगाना क्रिकेट संघ के महासचिव धरम गुरुवा रेड्डी की शिकायत पर सीआईडी ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था. एडिशनल डीजीपी ने एक बयान में कहा, ‘ सीआईडी अधिकारियों की जांच और जुटाए गए सबूतों के आधार पर, यह पता चला है कि आरोपी ए. जगन मोहन राव ने सी. राजेंद्र यादव और उनकी पत्नी जी. कविता के साथ मिलकर श्री चक्र क्रिकेट क्लब के फर्जी दस्तावेज तैयार किए, जिस गौलीपुरा क्रिकेट क्लब कहा गया. इसके लिए उन्होंने गौलीपुरा क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष सी. कृष्ण यादव के फर्जी हस्ताक्षर किए. इन फर्जी दस्तावेजों को असली बताकर इस्तेमाल किया गया, जिससे ए. जगनमोहन राव को हैदराबाद क्रिकेट संघ में अध्यक्ष पद पर धोखे से प्रवेश पाने में काफी मदद मिली.’ चारू सिन्हा ने कहा –‘ जगन मोहन राव ने अन्य आरोपियों को– कोषाध्यक्ष सीजे श्रीनिवास राव, एचसीए के सीईओ सुनील कांटे और कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर गलत इरादे से पब्लिक फंड का दुरुपयोग किया. इन लोगों ने सनराइजर्स हैदराबाद के अधिकारियों को गलत तरीके से रोका और उन्हें फ्री टिकट और कॉरपोरेट बॉक्स की पहुंच को लेकर डराया — धमकाया और ब्लैकमेल किया. इसके अलावा उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी. गौरतलब है कि राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल 2025 सीजन के दौरान टिकट में अनियमितताओं के आरोप लगे थे. एचसीए अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों ने कथित तौर पर आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद पर अतिरिक्त टिकटों के लिए दबाव डाला था, जिसमें व्यक्तिगत बिक्री के लिए टिकट भी शामिल थे. एसआरएच ने राव पर कंप्लीमेंट्री टिकटों और कॉरपोरेट बॉक्स को लेकर धमकाने, जबरदस्ती करने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था. एसआरएच फ्रेंचाइजी के हैदराबाद से टीम शिफ्ट की धमकी के बाद, तेलंगाना के मुख्य मंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने विजिलेंस कमिश्नर को इस मामले की जांच कराने का आदेश दिया था. तेलंगाना विजिलेंस कमिश्नर ने कथित तौर पर एसआरएच मैनेजमेंट के एचसीए अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों को सही पाया और उनके खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की . जगनमोहन राव अक्टूबर 2023 में हैदराबाद क्रिकेट संघ के अध्यक्ष चुने गए थे. उन्होंने साल 2010 में 6 स्कूलों के साथ अक्षरा एजुकेशनल समिति की स्थापना की थी. राव ने एजुकेशन फैसिलिटी प्रदान करने और रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए दो गैर सरकारी संगठन भी बनाए