अमेरिका घूम रहे कथावाचक अनिरुद्धाचार्य

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट

कथावाचक अनिरुद्धाचार्य इन दिनों अमेरिका दौरे पर हैं. वे 5 अगस्त को देश वापस लौटेंगे. सिएटल शहर से उन्होंने एक वीडियो शेयर किया है जो वायरल हो रहा है.


वृंदावन के चर्चित कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महिलाओं को लेकर दिए गए अपने बयान के बाद से लगातार सुर्खियों में है. सोशल मीडिया पर उनसे जुड़े दो वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं. पहले वीडियो में अनिरुद्धाचार्य अमेरिका के सिएटल शहर में घूमते नजर आ रहे हैं. इसमें वह अमेरिका की जीवनशैली और घरों के निर्माण की जानकारी दे रहे हैं. दूसरा वीडियो और भी ज्यादा चर्चा में है. इसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति खुद को अनिरुद्धाचार्य का पिता बताते हुए गंभीर आरोप लगाते हुए नजर आ रहे हैं.

अमेरिका घूमने गए अनिरुद्धाचार्य वीडियो मे कहते हैं —‘ राधे – राधे, जय गौरी गोपाल. मैं अमेरिका के सिएटल शहर में हूं. यहां घरों के बीच कम से कम 7 से 8 फीट की खाली जगह छोड़ी जाती है. किसी भी मकान को एक — दूसरे से सटाकर नहीं बनाया जाता. यहां घर लकड़ी के बने होते हैं और चारों ओर हरी– भरी पार्किंग और छोटा पार्क जरूर होता है. अमेरिका में सड़कों पर वाहन पार्क नहीं किए जाते. हर घर में निजी पार्किंग होती है और सड़क पार करने के लिए तय जगह ही इस्तेमाल किए जाते हैं.

खुद को पिता बताने वाले शख्स ने सुनाई अपनी व्यथा
वहीं, दूसरा वायरल वीडियो वृंदावन स्थित अनिरुद्धाचार्य के आश्रम का बताया जा रहा है. इसमें एक दाढ़ी वाले बुजुर्ग बाबा नजर आ रहे हैं. वह खुद को अनिरुद्धाचार्य का पिता बताते हुए गौरी गोपाल आश्रम से अपनी व्यथा सुनाते दिख रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि आश्रम में उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है. उनका हाथ खराब हो गया है, लेकिन घंटों गुहार लगाने के बाद भी कोई कर्मचारी मदद नहीं कर रहा है. बुजुर्ग व्यक्ति ने यह भी आरोप लगाया कि आश्रम के कर्मचारी रंगदारी करते हैं और अभद्र व्यवहार करते हैं. उनका कहना है कि अनिरुद्धाचार्य ने उनकी जमीन हड़प ली है, जिसकी वजह से वे परेशान है.

पीएम मोदी और सीएम योगी से लगाई गुहार

बुजुर्ग व्यक्ति ने पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ, जिला कलेक्टर और एसडीएम मथुरा से मदद की गुहार लगाई है. उन्होंने कहा कि उनकी उम्र 68 साल है और स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद आश्रम में उन्हें परेशान किया जा रहा है.

अखिलेश से शुद्र शब्द को लेकर हुई थी बहस

बता दें कि, हाल ही में महिलाओं को लेकर दिए गए बयानों के बाद से कथावाचक अनिरुद्धाचार्य लगातार सुर्खियों और विवादों में बने हुए हैं. अब पिता के वायरल वीडियो ने इस विवाद को और तूल दे दिया है. पिछले दिनों अनिरुद्धाचार्य का सपा मुखिया अखिलेश यादव के साथ का एक वीडियो भी सामने आया था. इसमें शुद्र शब्द को लेकर दोनों के बीच नोक झोंक होती नजर आ रही थी. अखिलेश यादव के बयान पर कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने हमला भी बोला था.