उसने मेरे कपड़े फाड़ दिए

दिल्ली के चाणक्यपुरी में सोमवार सुबह महिला सांसद आर. सुधा की सोने की चेन छीन ली गई. आर. सुधा तमिलनाडु के मयिलाडुतुरै की सांसद हैं. सोमवार की सुबह वह अपनी साथी सांसद के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकली थी.

नई दिल्ली/ हैदराबाद, 4 अगस्त, 2025. दिल्ली के चाणक्यपुरी में सोमवार सुबह कांग्रेस से सांसद आर. सुधा की सोने की चेन छीन ली गई . सोमवार की सुबह वह अपनी साथी सांसद के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकली हुई थी. तभी एक बदमाश विपरीत दिशा से आया और उनकी सोने की चेन लेकर फरार हो गया . आर. सुधा ने दावा किया है कि इस घटना में उनकी गर्दन पर छुट आई है और उनके कपड़े भी फट गए. इस सिलसिले में उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी चिट्ठी लिखी. उन्होंने दिल्ली की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं. आर. सुधा ने कहा है कि यह घटना उस राज्य की है जहां की मुख्यमंत्री एक महिला है . मैं इस घटना में मर भी सकती थी. बदमाश ने मेरे कपड़े भी फाड़ दिए.


‘ अगर मेरी गर्दन काट देता तो वही मर जाती ‘

उन्होंने कहा, मैं अभी भी सदमे में हूं. इस देश में महिलाओं के लिए कोई सुरक्षा नहीं है. मैं आम महिलाओं के बारे में सोच रही हूं, वे कहां जाएंगी? एक महिला मुख्यमंत्री इस राज्य की कमान संभाल रही है. लेकिन सुरक्षा कहां है? अगर उसे बदमाश ने मेरी गर्दन काट दी होती, तो मैं वहीं मर जाती.

सांसद बोली– मैं चिल्लाई, लेकिन किसी ने नहीं की मदद
सांसद आर. सुधा ने कहा, उसने मेरी चेन खींची और मेरे कपड़े फाड़ दिए. मैं अपने कपड़े ठीक करना चाहती थी, इसीलिए मुझे अपनी चैन की कोई परवाह नहीं थी . स्नेचिंग के बाद, वह तुरंत फरार हो गया. मैं चिल्लाई, सड़क पर सब लोग थे, लेकिन किसी ने भी आगे आकर मदद नहीं की . यह देखकर मैं दंग रह गई. फिर मैं तमिलनाडु गेस्ट हाउस गई, जहां मैंने दो पुलिस कर्मियों के साथ एक पुलिस पेट्रोलिंग टीम को देखा. हमने उन्हें घटना की जानकारी दी. लेकिन पुलिस ने ज्यादा कुछ नहीं किया. आर. सुधा ने कहा, पुलिस ने बस हमारे फोन नंबर और नाम लिए. उन्होंने मुझे पुलिस स्टेशन आकर शिकायत दर्ज कराने को कहा. फिर मैंने अपने कांग्रेसी सहयोगी मणिकम टैगोर को फोन किया. उन्होंने पुलिस भेजी और मैंने उन्हें अपनी शिकायत दी. प्रियंका गांधी मुझे स्पीकर के पास ले गई और मैंने वहां भी शिकायत दर्ज कराई. मैंने गृह मंत्री को भी ईमेल किया, अब मैं जवाब का इंतजार कर रही हूं. मैं अभी भी डिप्रेशन और सदमे में हूं. इस देश में महिलाओं की कोई सुरक्षा नहीं है.