
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट
शिवपाल सिंह यादव बोले — गरीबों के आंसू पोंछना ही समाजवाद.
लखनऊ/ हैदराबाद, 6 अगस्त, 2025. छोटे लोहिया के नाम से विख्यात समाजवादी चिंतक जनेश्वर मिश्र की 93 वीं जयंती के उपलक्ष्य में समाजवाद पर केंद्रित संगोष्ठी एवं समसामयिक चर्चा का आयोजन किया गया. इस अवसर पर प्रसिद्ध समाजवादी चिंतक दीपक मिश्र द्वारा संपादित जनेश्वर विचार प्रदीपिका का लोकार्पण भी किया गया. लोकार्पण करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने छोटे लोहिया जनेश्वर मिश्र की सीखों और संस्मरणों को साझा करते हुए कहा कि गरीबों, पीड़ितों और कमजोरों के बहते आंसू को पूछना ही समाजवाद है. हर तरह का मानवीय विभेद मिटना चाहिए और इसे मिटाने के लिए सतत सामाजिक अभियान चलाते रहना चाहिए. सपा नेता ने कहा, बीजेपी सरकार राष्ट्रवाद के नाम पर अपना सांप्रदायिक एजेंडा थोप रही है. यह सरकार चंद पूंजीपतियों का हित साधने के लिए अधिकांश गरीबों के होठों की मुस्कान तक छीनने पर आमादा है, हमें हर मोर्चे पर लड़ना होगा. बहस चलानी होगी. शिवपाल यादव ने कहा, समाजवादी पार्टी हर उस व्यक्ति की पार्टी है, जो समाज में समरसता, सद्भाव और भाईचारा चाहता है. समाजवादियों के मार्गदर्शन के लिए आज भले ही लोहिया जी, लोकनायक जयप्रकाश, नेताजी मुलायम सिंह और जनेश्वर मिश्र जी न हों, लेकिन उनके अमर विचार हमें सदैव रास्ता दिखाते रहेंगे. इस अवसर पर पूर्व मंत्री विदुषी सय्यदा शादाब फातिमा ने कहा कि सरकार बच्चों के विद्यालय तक बंद कर रही है, स्कूलों को बंद करने की बजाय उन्हें बेहतर बनाया जाना चाहिए. इस मौके पर विशिष्ट समाजवादी चिंतक एवं जनेश्वर मिश्र जी के शिष्य दीपक मिश्र ने कहा कि लोकतंत्र मजबूत होने की बजाय दिन प्रतिदिन कमजोर होता जा रहा है. देश के ऊपर 717. 9 अरब डॉलर का कर्ज़ है, हम अरबपति के मामले में तीसरे स्थान पर हैं और प्रति व्यक्ति के लिहाज से 139 देशों से पीछे हैं. वहीं, कैलाश– मानसरोवर के दर्शन के लिए भी चीन का वीजा लेना पड़ता है. आयोजित संगोष्ठी को रंजीत यादव, हरिशंकर और निसार अहमद आदि वक्ताओं ने भी संबोधित किया . इस दौरान समाजवादी किन्नर सभा की अध्यक्ष पायल द्वारा साड़ी वितरण अभियान भी शुरू किया गया.