जम्मू- कश्मीर में पंजाब के 2 जवान शहीद, रक्षाबंधन पर परिवार में छाया मातम
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट
फतेहगढ़ साहिब / खन्ना/ हैदराबाद, 9 अगस्त, 2025. जम्मू– कश्मीर में पंजाब के दो जवान शहीद होने की खबर सामने आई है. जम्मू– कश्मीर के कुलगाम जिले के अखल जंगल में चल रही मुठभेड़ के दौरान पंजाब के 2 जवान शहीद हो गए. फतेहगढ़ साहिब के बदिनपुर गांव के 26 वर्षीय जवान हरमिंदर सिंह और खन्ना के मनुपुर गांव के 28 वर्षीय लांस नायक प्रीतपाल सिंह ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी. रक्षाबंधन से ठीक पहले आई इस खबर से दोनों परिवारों में मातम का माहौल है. प्रीतपाल सिंह की शादी अभी 4 महीने ही हुए थे. परिवार घर पर रक्षाबंधन का त्यौहार मना रहा था, तभी अचानक आई इस खबर ने मातम का माहौल बना दिया. हरमिंदर सिंह की मां और बहनें उनकी सकुशल वापसी का इंतजार कर रही थी, लेकिन अचानक उनकी शहादत की खबर आ गई. बता दें कि, जम्मू– कश्मीर के कुलगाम जिले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप, जम्मू– कश्मीर पुलिस बल और सीआरपीएफ द्वारा ऑपरेशन अकाल चलाया जा रहा है. यह 1 अगस्त से चल रहा है. आशंका है कि जंगल में अभी और आतंकी छिपे हुए हैं. दोनों तरफ से गोलीबारी जारी है. आर्मी के अधिकारियों का कहना है कि आतंकियों का पूरी तरह सफाया किए बिना यह ऑपरेशन खत्म नहीं होगा.
परिवार ने हरमिंदर सिंह से वीडियो कॉल पर की थी आखरी बातचीत
सिख फोर्स ट्रेनिंग रेजीमेंट के शहीद हवलदार हरमिंदर सिंह के परिवार ने बताया कि हरमिंदर ने परिवार से वीडियो कॉल पर बात की थी. इस दौरान उन्होंने बताया कि वह और उनके चार साथी पिछले 5 दिनों से आतंकियों से घिरे हुए हैं और आज सेना के अधिकारियों ने हरमिंदर की शहादत की जानकारी दी. परिवार ने कहा कि सेना को आजादी दी जानी चाहिए ताकि इन मुट्ठी भर आतंकियों का सफाया किया जा सके. साथ ही उन्होंने सरकार के खिलाफ अपना रोष भी जताया और कहा कि हमारे जवान के अधिकारी अपने साथियों को आतंकवाद के चंगुल से नहीं बचा सकते.