आरजेडी का दामन थाम सकते हैं, बीजेपी के मिश्रीलाल यादव ?

बिहार की राजनीति में हलचल, भाजपा विधायक मिश्रीलाल यादव के आरजेडी में शामिल होने की अटकलें तेज. तेजस्वी यादव के आवास के पास दिखे, चुनाव में आरजेडी टिकट पर लड़ने की तैयारी

पटना / हैदराबाद, 12 अगस्त, 2025. बिहार की राजनीति में इन दिनों एक नई हलचल देखने को मिल रही है. बीजेपी के विधायक मिश्रीलाल यादव चर्चा में हैं. वजह है उनका तेजस्वी यादव के सरकारी आवास के आसपास दिखना और राजद के टिकट पर चुनाव लड़ने की अटकलें. जानकारी के मुताबिक, मिश्रीलाल यादव को हाल ही में पटना में तेजस्वी यादव के सरकारी आवास के आसपास देखा गया. बताया जा रहा है कि वे तेजस्वी यादव से मुलाकात करने की कोशिश में थे. इतना ही नहीं, उनके बेटे भी तेजस्वी के आवास पर पहुंचे और वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों से बातचीत की . हालांकि, विधायक खुद गाड़ी में ही बैठे रहे और मीडिया को देखते ही वहां से रवाना हो गए . राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मिश्रीलाल यादव भाजपा छोड़कर आरजेडी का लालटेन जला सकते हैं. कहा जा रहा है कि वे आने वाले विधानसभा चुनाव में राजद के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं. हालांकि, अभी तक न तो मिश्रीलाल यादव और न ही राजद की तरफ से इस पर आधिकारिक बयान आया है.

खत्म हो गई थी सदस्यता
वर्तमान में मिश्रीलाल यादव की सदस्यता फिर से बहाल हो गई है. दरअसल, दरभंगा के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक मिश्रीलाल यादव की सदस्यता 2 साल की सजा के बाद 20 जून 2025 को समाप्त कर दी गई थी. यह सजा पुराने मारपीट के एक मामले को लेकर विशेष अदालत द्वारा 27 में 2025 को सुनाई गई थी. इसके बाद सदस्यता रद्द करने की अधिसूचना जारी हुई थी.

ऐसे हुई फिर से बहाल
मिश्रीलाल यादव ने पटना हाईकोर्ट में अपील की और 18 जुलाई 2025 को हाईकोर्ट ने निचली अदालत का निर्णय निरस्त कर दिया. इसी आधार पर बिहार विधानसभा सचिवालय ने उनकी विधायकी फिर से बहाल कर दी. इस फैसले के बाद मिश्रीलाल यादव फिर भाजपा विधायक के तौर पर बिहार विधानसभा के सदस्य हैं. उनकी विधानसभा की सदस्यता कानूनी प्रक्रिया और न्यायालय के आदेश के बाद पूरी तरह बहाल हो चुकी है.

क्यों रहे विवादों में
मिश्रीलाल यादव को एक पुराने मारपीट के मामले में न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. इस मामले में उनकी एक साथी सुरेश यादव को भी जेल भेजा गया. यह घटना 29 जनवरी 2019 को यहां के रैयाम थाना क्षेत्र के समैला गांव में हुई थी, इसके बाद पीड़ित उमेश मिश्र ने 30 जनवरी 2019 को मिश्रीलाल यादव और सुरेश यादव के खिलाफ मारपीट और पैसे लूट लेने का मुकदमा दर्ज कराया था .