छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण को लेकर मचा बवाल ! 8 परिवार के 36 लोगों को ढूंढ- ढूंढकर पीटा
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट
ताजा मामला कांकेर जिले में अंतागढ़ ब्लॉक के हवाचूर गांव का है. धर्मांतरित लोगों के चर्च से बाहर आते ही दौड़ा — दौडाकर पीटा गया है. घटना में महिलाओं को चोटें भी आई है, जिन्हें कांकेर जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.
कांकेर / हैदराबाद, 13 अगस्त, 2025. छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण को लेकर बवाल थमता नहीं दिख रहा है. पहले दुर्ग में दो ननों की गिरफ्तारी फिर रायपुर में धर्मांतरण को लेकर सरस्वती नगर थाने का घेराव और कांकेर जिले में धर्मांतरण को लेकर ग्रामीणों को दौड़ा — दौडाकर पीटने का मामला सामने आया है. ताजा मामला अंतागढ़ ब्लॉक के हवाचूर गांव का है. धर्मांतरित लोगों के चर्च से बाहर आते ही उसे दौड़ा — दौडाकर पीटा गया है. घटना में महिलाओं को चोटें भी आई है, जिन्हें कांकेर जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. दहशतजदा कई ग्रामीण एसपी से मिलने भी पहुंचे हैं.
ढूंढ ढूंढकर लोगों को पीटा गया+ बेरहमी से मारपीट किए जाने और दोषियों पर कार्रवाई को लेकर धर्मांतरित लोगों का एक समूह कांकेर जिला मुख्यालय भी पहुंचा है. दरअसल, पिछले 10 अगस्त सुबह लगभग 8 धर्मांतरित ग्रामीणों का परिवार चर्च गया था. प्रार्थना में शामिल होने के बाद सभी घर लौट आए थे और अपने-अपने काम में लग गए थे. इसके बाद दूसरे दिन यानी 11 अगस्त को गांव के ही कई ग्रामीणों ने धर्मांतरित लोगों को ढूंढ ढूंढकर उनके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी. महिलाओं के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई . सभी को दूसरा धर्म अपनाने को लेकर डंडों से पीटा गया. पिटाई से कई लोग घायल हुए हैं, कांकेर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस में शिकायत, मामला दर्ज नहीं .
ग्रामीणों द्वारा शांति बाई दर्रो, को बेरहमी से पीटने का आरोप उनके बेटे हितेश कुमार ने लगाया है. वहीं, बिसन्तिन दर्रो गंभीर रूप से घायल है. जागेश्वर उसेंडी के कान का पर्दा फट गया है. सभी का इलाज कांकेर जिला अस्पताल में चल रहा है. इस बीच राष्ट्रीय क्रिश्चियन मोर्चा कांकेर इकाई के प्रदेश सचिव साइमन दिग्बल तांडी ने बताया कि सभी पीड़ित चर्च गए थे. चर्च से वापस लौटकर दैनिक दिनचर्या के काम में लगे थे, तभी ग्रामीणों ने उन पर हमला बोल दिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी . पुलिस में शिकायत के बावजूद अब तक केस दर्ज नहीं हो पाया है. कुछ ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय भी पहुंचे थे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
पुलिस मामले की जांच कर रही : पुलिस अधीक्षक
कांकेर पुलिस अधीक्षक आईके एलिसेला ने बताया कि 8 परिवार के 36 लोगों के साथ मारपीट किया गया है. सभी पीड़ित तत्काल तड़ोकी पुलिस थाना गए थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है. एसपी एलिसेला का कहना है कि चर्च के मुद्दे को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था. कुछ ग्रामीणों के आने की बात भी सामने आई है. दोषी पाए जाने पर अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की जाएगी .