अगर कुछ हुआ तो जिम्मेदार… ‘ दमोह लव जिहाद मामले में नया ट्विस्ट ! वीडियो देख चौंके लोग
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट
मध्य प्रदेश में दमोह के हटा क्षेत्र में लव जिहाद का मामला नया मोड़ ले चुका है. बीएससी स्टूडेंट आराधना गौतम ने वीडियो जारी कर स्पष्ट किया कि उसने अपनी मर्जी से सरवर खान से शादी की है. उसने कहा कि वह सरवर खान को पिछले 7 साल से जानती है और उसे पहले से उसके धर्म का पता था.
दमोह/ हैदराबाद, 13 अगस्त, 2025. मध्य प्रदेश के हटा इलाके में सामने आए कथित लव जिहाद के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है. बीएससी सेकंड ईयर की छात्रा आराधना गौतम ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर साफ किया है कि उसने अपनी मर्जी से सरवर खान के साथ शादी की है और वो उसे पिछले 7 सालों से जानती हैं. इस बयान ने परिवार और हिंदू संगठनों के लगाए आरोपों को झटका दे दिया है. आराधना का वीडियो वायरल+ वीडियो में आराधना ने कहा, ” मैं 9 अगस्त को अपनी मर्जी से सरवर साथ गई. मुझे पहले से पता था कि वह मुस्लिम है. अगर मुझे या सरवर को कुछ हुआ, तो इसके जिम्मेदार मेरे परिवार वाले होंगे. ” उसने कहा कि शादी में सरवर के परिवार की कोई भूमिका नहीं है.
परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
आराधना के परिवार ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि सरवर खान ने अपनी पहचान छिपाकर उनकी बेटी को फंसाया और सोने चांदी के जेवर लेकर भाग गया. उन्होंने सरवर पर ‘ सौरभ’ नाम से दोस्ती करने और धोखा देने का आरोप लगाया.
हिंदू संगठनों का विरोध और चेतावनी
परिवार की शिकायत के बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने इस लव जिहाद का मामला बताया. उन्होंने थाने में ज्ञापन सौंपकर आरोपी पर कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि अगर जल्दी कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन किया जाएगा .
पुलिस की जांच जारी
पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है और आराधना की तलाश में खोजी दस्ता बनाई है. पुलिस वीडियो की भी जांच कर रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि अगर किसी भी तरह का धोखा या जबरदस्ती पाई जाती है, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
कानूनी और सामाजिक पहलू
मध्य प्रदेश में जबरन धर्म परिवर्तन को रोकने के लिए धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 लागू है. लेकिन चूंकि आराधना ने अपनी इच्छा से शादी की बात कही है, इस केस में सच्चाई जानने के लिए निष्पक्ष जांच की जरूरत है.
ऐसे मामले पहले भी सामने आए
दमोह और प्रदेश के कई अन्य जिलों में पहले भी लव जिहाद के आरोप लगे, लेकिन कई मामलों में बाद में सहमति से संबंधित या शादी की बात सामने आई.