आतंकवादी जगन्नाथ मंदिर को ध्वस्त कर देंगे, पुरी में दीवार पर लिखी मिली धमकियां ! !
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट
ओड़िशा के पुरी में 12वीं सदी के जगन्नाथ मंदिर को ध्वस्त करने की धमकी दी गई है. जगन्नाथ मंदिर के समीप एक छोटे मंदिर की दीवार पर बीते कल चेतावनियां लिखी मिली है. इनमें धमकी दी गई है कि आतंकवादी जगन्नाथ मंदिर को ध्वस्त कर देंगे . इस घटना से श्रद्धालुओं में नाराजगी फैल गई है.
पुरी / हैदराबाद, 14 अगस्त, 2025. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उड़िया भाषा में लिखी गई यह धमकी पत्र साही स्थित माँ बुढ़ि ठकुरानी मंदिर की दीवार पर लिखी मिली है.
धमकी में क्या लिखा ?
दीवार पर लिखी एक चेतावनी में कहा गया है कि आतंकवादी श्री मंदिर को ध्वस्त कर देंगे. मुझे फोन करो, नहीं तो विनाश होगा. पुरी के एक निवासी के मुताबिक, मंदिर की दीवार पर कई फोन नंबर भी लिखे गए हैं. ‘ पीएम मोदी’,’ दिल्ली’ जैसे शब्द भी लिखे हुए हैं. पुरी के पुलिस अधीक्षक ( एसपी) पिनाक मिश्रा ने मौके का दौरा करने के बाद कहा कि हमने मामले पर संज्ञान लिया है और इसे बहुत गंभीरता से ले रहे हैं. हमें कुछ जानकारी भी मिली है और इसके पीछे शामिल लोगों को अरेस्ट करने के लिए पुलिस टीम बनाई जा रही है.
सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है
एसपी मिश्रा ने बताया कि पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और शुरुआती जांच से लगता है कि धमकियां मंगलवार रात को लिखी गई. उन्होंने कहा कि पुलिस इस तरह की हरकत के पीछे का मकसद भी पता लगाने की कोशिश कर रही है. हालांकि, श्री मंदिर क्षेत्र में कई जगहों पर सीसीटीवी लगाए गए हैं और सुरक्षा गार्ड भी तैनात हैं. जांच युद्ध स्तर पर जारी है.
एक शख्स हिरासत में
एसपी पिनाक मिश्रा ने बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है. प्रथम दृष्टया सूचना से मंदिर को नुकसान पहुंचाने के इरादे का पता चला है. मामले को बहुत गंभीरता से लिया गया है. हमने व्यक्ति की पहचान कर ली है. वह फिलहाल पुलिस हिरासत में है .