एनडीए सांसद वीणा देवी के पास दो वोटर आईडी

तेजस्वी यादव ने अपने एक्स अकाउंट पर दावा किया है कि वैशाली से एनडीए की सांसद वीणा देवी के पास दो वोटर आईडी और ईपिक नंबर है. तेजस्वी यादव ने दावा किया है कि वोटर लिस्ट में दोनों ही जगहों पर संसद की उम्र में भी अंतर है.

पटना/ हैदराबाद, 14 अगस्त, 2025. बिहार में एसआईआर पर रार बरकरार है. बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मतदाता पुनरीक्षण पर लगातार सवाल उठा रहे हैं और कह रहे हैं कि कई लोगों के पास दो ईपिक नंबर हैं. तेजस्वी यादव ने हाल ही में दावा किया था कि बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के पास दो ईपिक नंबर है और दोनों में उनकी उम्र भी अलग-अलग बताई गई है. अब राष्ट्रीय जनता दल के नेता ने एनडीए की एक सांसद को लेकर भी यही दावा किया है. तेजस्वी यादव ने इससे संबंधित कागजात भी दिखाए हैं. तेजस्वी यादव ने अपने एक्स अकाउंट पर दावा किया है कि वैशाली से एनडीए की सांसद वीणा देवी के पास दो वोटर आईडी और ईपिक नंबर है. तेजस्वी ने दावा किया है कि वोटर लिस्ट में दोनों ही जगहों पर संसद की उम्र में भी अंतर है.
तेजस्वी यादव ने दावा किया है कि सांसद वीणा देवी के दो अलग-अलग ईपिक आईडी नंबर है. तेजस्वी यादव का कहना है कि इनके दो अलग-अलग जिलों के दो अलग-अलग लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में दो अलग-अलग वोट है.
बता दें कि वीणा देवी चिराग पासवान की पार्टी लोजपा ( आर ) की सांसद हैं. तेजस्वी यादव ने सवाल उठाया है कि बिहार में एसआईआर में संसद ने दो अलग-अलग फॉर्म भरे होंगे. तेजस्वी यादव ने जो कागजात दिखाए हैं उसमें एक जगह मतदाता सूची में सांसद वीणा देवी की उम्र 54 वर्ष और दूसरी जगह पर 55 वर्ष है. तेजस्वी यादव ने सवाल उठाया है, चुनाव आयोग द्वारा प्रकाशित नई ड्राफ्ट सूची में दो अलग-अलग लोकसभा निर्वाचन
क्षेत्र, दो अलग-अलग उम्र के साथ इनके दो अलग-अलग वोट कैसे बन गए? ” बता दें कि इससे पहले बुधवार को तेजस्वी यादव ने बिहार के मुजफ्फरपुर की मेयर और भाजपा नेता निर्मला देवी को लेकर दावा किया था कि उनके पास भी दो ईपिक नंबर है और मतदाता सूची में वो दो जगह की वोटर है इतना ही नहीं, तेजस्वी यादव ने यह भी कहा था कि निर्मला देवी के दो देवरों के भी दो अलग-अलग ईपिक नंबर है. तेजस्वी ने पत्रकार वार्ता कर चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा था कि चुनाव आयोग बीजेपी को फायदा पहुंचाने के लिए काम कर रहा है.
तेजस्वी ने दावा किया था कि अब गुजराती भी बिहार के वोटर बन रहे हैं. भाजपा नेता भिखूभाई दलसानिया का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा था कि वो गुजरात के रहने वाले हैं और अब पटना के वोटर बन गए हैं. भीखूभाई दलसानिया ने अपना नाम वहां के वोटर लिस्ट से कटवा लिया है लेकिन चुनाव हुए 5 वर्ष भी नहीं हुए और उन्होंने अपना नाम कटवा लिया. बिहार में एसआईआर पर घमासान जारी है. राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर चुनाव आयोग पर निशाना साधा है. तेजस्वी ने बीजेपी पर भी आरोप लगाया कि वो चुनाव आयोग के जरिए वोटो की चोरी कर रही हैं. तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि बिहार भाजपा के संगठन मंत्री भीखूभाई दलसानिया पटना के वोटर बन गए हैं और वो गुजरात के रहने वाले हैं.