हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट
सी पी राधाकृष्णन को बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने उपराष्ट्रपति पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है.
नई दिल्ली/ हैदराबाद, 17 अगस्त, 2025. उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए के उम्मीदवार सी पी राधाकृष्णन
वर्तमान महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं . राधाकृष्णन की उम्मीदवारी से जुड़ी जानकारी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने पत्रकार वार्ता में दी है . उन्होंने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में संसदीय बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया है .
कौन है राधाकृष्णन ?
चंद्रपुरम पोन्नुसामी ( सी पी ) राधाकृष्णन बीजेपी के पूर्व वरिष्ठ नेता हैं और लंबे समय तक संगठन में सक्रिय रहे हैं . वे दो बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं और पार्टी की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष पद पर भी कार्य कर चुके हैं . सी पी राधाकृष्णन ने दक्षिण भारत में बीजेपी के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. वे तमिलनाडु के कोयंबटूर से दो बार लोकसभा के लिए चुने गए थे. उन्होंने यहां दो बार, 1998 और 1999 में जीत हासिल की. लेकिन उसके बाद, उन्हें 2004, 2014 और 2019 में लगातार तीन बार कोयंबटूर से हार का सामना करना पड़ा. फरवरी 2023 में उन्हें झारखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया. झारखंड के राज्यपाल रहते हुए उन्हें तेलंगाना के राज्यपाल और पुडुचेरी के उपराज्यपाल का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया था. इसके बाद जुलाई 2024 में वे महाराष्ट्र के राज्यपाल बने. राधाकृष्णन ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र आंदोलन से की थी . 2007 में, जब वह तमिलनाडु के प्रदेश अध्यक्ष थे, उन्होंने राज्य में 93 दिनों की 19000 किमी लंबी ‘ रथ यात्रा’ की थी. इस यात्रा में
उन्होंने मुख्य रूप से नदी जोड़ो, आतंकवाद, समान नागरिक संहिता, अस्पृश्यता और नशे के दुष्परिणाम जैसे मुद्दों पर ध्यान आकर्षित किया.
स्वयंसेवक संघ से जुड़ाव और फिर सक्रिय राजनीति
महाराष्ट्र राज भवन की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, 20 अक्टूबर 1957 को तमिलनाडु के तिरुप्पुर में जन्मे सी पी राधा कृष्ण ने बिजनेस प्रबंधन में स्नातक की डिग्री हासिल की. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक के रूप में शुरुआत करके वे 1974 में भारतीय जनसंघ की कार्यकारिणी समिति के सदस्य बने. गौरतलब है कि उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन भरने की आखिरी तारीख 21 अगस्त है. और मतदान 9 सितंबर को होगा जबकि परिणाम उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे.