हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट
इंडिया गठबंधन ने अपने उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है. बी सुदर्शन रेड्डी के नाम पर मुहर लग चुकी है
नई दिल्ली/ हैदराबाद, 19 अगस्त 2025. इंडिया गठबंधन के उपराष्ट्रपति के लिए आज यानी मंगलवार को उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया गया है. सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी को संयुक्त विपक्ष ने अपना उम्मीदवार बनाया है. इसका ऐलान आज यानी मंगलवार को मीटिंग के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने किया है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ” यह उपराष्ट्रपति पद का मुकाबला एक वैचारिक लड़ाई है और सभी विपक्षी दल इस पर सहमत हैं . यही वजह है कि हमने बी. सुदर्शन रेड्डी को
संयुक्त विपक्ष उम्मीदवार के रूप में नामित किया है . ” उन्होंने कहा हम सभी जानते हैं कि बी सुदर्शन रेड्डी ने गरीबों के लिए कैसे खड़े होकर संविधान की रक्षा की . यह एक वैचारिक लड़ाई है और सभी विपक्षी दलित पर सहमत हैं, इसीलिए हम चुनाव लड़ रहे हैं. हमने मिलकर उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए एक साझा उम्मीदवार उतारने का फैसला किया. मुझे खुशी है कि सभी विपक्षी दल एक नाम पर सहमत हुए हैं, यह लोकतंत्र के लिए एक बड़ा क्षण है. ” कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ” वह 21 अगस्त को नामांकन दाखिल करेंगे . कल सभी विपक्षी दलों के सांसद दोपहर 1 बजे सेंट्रल हॉल में बैठक कर रहे हैं. ” खड़गे ने कहा, ” बी सुदर्शन रेड्डी
भारत के सबसे प्रतिष्ठित न्यायविदों में से एक हैं . उनका लंबा और प्रतिष्ठित कानूनी करियर रहा है, जिसमें आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट के न्यायाधीश, गुवाहाटी हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में कार्य शामिल है . वे सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के एक निरंतर और साहसी समर्थक रहे हैं. वे एक गरीब व्यक्ति हैं और यदि आप उनके फैसले पढ़ेंगे, तो आपको पता चलेगा कि उन्होंने कैसे गरीबों का पक्ष लिया और संविधान एवं मौलिक अधिकारों की रक्षा की. “