सबवे में पानी, सड़कें डूबी, ट्रेनें — फ्लाइट्स प्रभावित… लगातार बारिश से बेहाल मुंबई

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट
कभी न थमने वाले शहर की रफ्तार पानी ने रोक दी है, स्थिति यह है कि मुंबई की सड़कों पर सैलाब है, इतना पानी भरा हुआ है कि गाड़ियां जहां-तहां फंस गई है, अपनी चमक धमक पर इतराने वाला शहर पानी की मार से बिलख रहा है और यह पहली बार नहीं है, मुंबई में हर साल बारिश होती है और हर साल मुंबई इसी परेशानी से जूझती है
मुंबई/ हैदराबाद, 19 अगस्त, 2025. कई राज्यों में बारिश का कहर जारी है लेकिन इन दिनों महाराष्ट्र सबसे ज्यादा प्रभावित नजर आ रहा है. जहां अब तक सात लोगों की मौत हो गई और 200 से अधिक लोग मौसमी तबाही में फंसे हुए हैं. मायानगरी मुंबई की रफ्तार भी बारिश से थम सी गई है, जिसके चलते नगर निगम को स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित करनी पड़ी. देश की आर्थिक राजधानी के कई हिस्सों में जमकर बरसात हो रही है.
मुंबई की सड़कों पर सैलाब
कभी न थमने वाले शहर की रफ्तार पानी ने रोक दी है, स्थिति यह है कि मुंबई की सड़कों पर सैलाब है, इतना पानी भरा हुआ है कि गाड़ियां जहां-तहां फंस गई है, अपनी चमक धमक पर इतराने वाला मुंबई शहर पानी की मार से बिलख रहा है और यह पहली बात नहीं है, मुंबई में हर साल बारिश होती है और हर साल मुंबई इसी परेशानी से जूझती है . मुंबई के अंधेरी सबवे में तेज बारिश के बाद पानी भर गया है, जिसके चलते अंधेरी सबवे को बंद कर दिया गया है. मुंबई में लगातार बारिश के कारण जल भराव से प्रभावित चेंबूर की एक अस्पताल में भर्ती होने वालों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा . कई लोगों को अपने बीमार परिजनों को पीठ पर लादकर बृहन्मुंबई नगर निगम( बीएमसी) द्वारा संचालित मां जनरल अस्पताल तक पहुंचने के लिए जाते देखा गया.
कई उड़ाने प्रभावित
मुंबई में खराब मौसम के कारण कई उड़ाने भी प्रभावित रही. एयरपोर्ट तक जाने वाले कई रास्तों पर अब भी जलभराव है, जिससे यातायात धीमा पड़ गया है. इंडिगो के मुताबिक, बारिश के चलते अराइवल और डिपार्चर दोनों में देरी हो रही है. इंडिगो ने यात्रा करने वाले लोगों को थोड़ा पहले निकलने और ऐप या वेबसाइट के माध्यम से अपनी उड़ान की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी है.
स्कूल — कॉलेज बंद
सोमवार को मुंबई में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव हो गया, जिससे यातायात जाम हो गया. बीएमसी ने शहर में दूसरी पाली ( दोपहर 12 बजे के बाद) में संचालित होने वाले सभी स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया है. बाद में, नगर निकाय ने भारी बारिश के पूर्वानुमान के बीच मंगलवार को महानगर के सभी स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश की घोषणा की है. इसके साथ ही मंगलवार यानी आज यहां बहुत भारी से बेहद भारी बारिश की संभावना है. कभी-कभी 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. मौसम विभाग ने हाई टाइड का भी अलर्ट जारी किया है. अधिकारियों का कहना है कि ठाणे जिले में कल्याण के पहाड़ी इलाके में भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ जिससे चार घर क्षतिग्रस्त हो गए. आईएमडी द्वारा ठाणे और पालघर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी के बाद मंगलवार को सभी स्कूल — कॉलेजों को बंद कर दिया गया. वहीं, मुंबई में मौसम विभाग ने 21 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी दी है. नांदेड़ जिले में लगातार बारिश के कारण 200 से अधिक लोग बाढ़ में फंस गए, जिसके कारण अधिकारियों को बचाव और राहत कार्यों के लिए सेना को बुलाना पड़ गया है.