उपराष्ट्रपति पद पर एनडीए को जगन की पार्टी का समर्थन तो बिफरी कांग्रेस

उपराष्ट्रपति पद के चुनावों में एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को समर्थन देने पर कांग्रेस नेता वाई एस शर्मिला ने सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि वाईएसआरसीपी द्वारा सीपी राधाकृष्णन को समर्थन देना अगर तेलुगू जनता के साथ विश्वासघात नहीं है, तो और क्या है ? उन्हें इसका जवाब जनता को देना होगा.

अमरावती/ हैदराबाद, 23 अगस्त, 2025. आंध्र प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष वाईएस शर्मिला ने राज्य के पूर्व सीएम जगनमोहन रेड्डी की पार्टी द्वारा एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को समर्थन देने को लेकर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि वाईएस आरसीपी एक बार फिर बेनकाब हो गई है . वह भाजपा की बी टीम है, ऐसा उसने खुद साबित कर दिया है. शर्मिला ने कहा कि राज्य में विपक्षी बनने का नाटक करने वाली वाईएसआरसीपी, दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगे नतमस्तक हो जाती है और यहां तेलुगु जनता के साथ धोखा करती है.

वाईएसआरसीपी का मुखौटा उतर चुका है

कांग्रेस नेता शर्मिला ने सवाल किया कि अगर वाईएसआरसीपी का भाजपा से कोई गुप्त गठबंधन नहीं है, तो उसने एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन का समर्थन क्यों किया ? वाईएसआरसीपी का मुखौटा उतर चुका है और उसके नीचे भगवा स्कार्फ साफ दिखाई दे रहा है. अब साफ है कि जगनमोहन रेड्डी नरेंद्र मोदी के पालन- पोषण में पले ‘ पालक पुत्र हैं.’

केंद्र में भाजपा की ‘ सेवक’ है वाईएसआरसीपी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शर्मिला ने आरोप लगाया कि वाईएसआरसीपी राज्य में विपक्षी पार्टी की तरह दिखने की कोशिश करती है लेकिन केंद्र में भाजपा की ‘ सेवक’ बन जाती है. शर्मिला ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार मामलों के डर से वाईएसआरसीपी पीएम मोदी के सामने समर्पण कर चुकी है और अपने 5 साल के शासन के कारनामों को बचाने में लगी है. कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण को भी पीएम मोदी की कठपुतली करार दिया. उन्होंने कहा कि मणिपुर हिंसा, गोधरा दंगों और लोकतंत्र पर कथित हमलों जैसे मुद्दों पर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री चुप क्यों है ?