उपराष्ट्रपति चुनाव से पहले बिगड़ जाएगा एनडीए का गणित ?

विपक्ष के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी ने दावा किया है कि उन्हें इंडिया गठबंधन के बाहर से भी मदद मिल रही है. इस दौरान उन्होंने सांसदों को पार्टी के विचारों से ऊपर उठने की भी सलाह दी है.

लखनऊ/ हैदराबाद, 26 अगस्त, 2025. 9 सितंबर को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं जहां केंद्र में सत्तारूढ़ एनडीए और विपक्षी इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों के बीच सीधी टक्कर देखने को मिलेगी. अब चुनाव से पहले विपक्ष के वीपी कैंडिडेट बी. सुदर्शन रेड्डी ने बड़ा दावा किया है. उपराष्ट्रपति पद के लिए इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस ( इंडिया) के उम्मीदवार रिटायर्ड जस्टिस बी. सुदर्शन रेड्डी ने दावा किया है कि उन्हें गठबंधन से इतर राजनीतिक दलों का भी समर्थन मिल रहा है. मंगलवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं से विचार – विमर्श के लिए लखनऊ आए सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज सुदर्शन रेड्डी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि वे मिल रहे समर्थन के लिए आभारी है. सुदर्शन रेड्डी ने कहा, ” प्रतिपक्षी दलों ने मुझ पर विश्वास किया है और मैं इसके लिए बहुत-बहुत आभार व्यक्त करता हूं. मुझे मालूम है कि इंडिया गठबंधन के घटक दालों के साथ – साथ, वे लोग भी सहयोग के लिए आगे आ रहे हैं, जो इस गठबंधन में शामिल नहीं है. ” रेडी ने कहा, ” मैं सभी राजनीतिक दलों के सांसदों से अपील करता हूं कि दलगत भावनाओं से ऊपर उठकर गुण और दोष के आधार पर मेरी उम्मीदवारी के बारे में सोचें. ” उन्होंने कहा कि वह हमेशा संविधान की प्रस्तावना की मूल भावना के साथ खड़े रहे और पूरे देश को आश्वस्त करना चाहते हैं कि वह आगे भी पूरी मजबूती से खड़े रहेंगे.

उपराष्ट्रपति का पद राजनीतिक नहीं- सुदर्शन रेड्डी
वहीं, राजनीति में एंट्री से जुड़े सवालों पर जस्टिस सुदर्शन रेड्डी ने कहा कि उपराष्ट्रपति का पद राजनीतिक नहीं, बल्कि एक उच्च संवैधानिक ओहदा है. उन्होंने कहा, ” आप लोगों में से कुछ लोग मुझसे पूछते हैं कि मैं क्यों राजनीति का अखाड़े में कदम रखा है. मेरा कहना है कि मैंने किसी राजनीतिक मैदान में कदम नहीं रखा है. यह उच्च संवैधानिक पद है, जिस पर पहले कभी दार्शनिक, राष्ट्रकर्मी और शिक्षाविद रह चुके हैं. ” रेड्डी ने कहा, ” शिक्षाविद डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन, डॉ जाकिर हुसैन, पूर्व राजनयिक डॉ के नारायण और बाद में हामिद अंसारी जी. ये लोग मेरे लिए प्रेरणा स्रोत हैं. ये जिस पद पर बैठे, मुझे उसका उम्मीदवार बनाया गया है, इसके लिए मैं सभी विपक्षी दलों का शुक्रगुजार हूं .

सी. पी. राधाकृष्णन को चुनौती देंगे बी सुदर्शन रेड्डी
गौरतलब है कि देश के 14वें उपराष्ट्रपति रहे जगदीप धनखड़ ने हाल ही में स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए बीते माह इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद चुनाव आयोग ने नए उपराष्ट्रपति के चयन के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है. सत्तारूढ़ जनतांत्रिक गठबंधन ने इस चुनाव में महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाया है, जिनके सामने संयुक्त विपक्ष के बी सुदर्शन रेड्डी चुनौती पेश करेंगे .