निक्की दहेज हत्याकांड में नया खुलासा, पति का चल रहा था किसी अन्य महिला से अफेयर
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट

निक्की भाटी दहेज हत्याकांड में नया खुलासा हुआ है . पति विपिन भाटी का बाहर किसी और महिला से भी अफेयर चल रहा था और निक्की ने उसे एक दिन रंगे हाथों पकड़ लिया. जानकारी के मुताबिक, विपिन भाटी ने अपनी गर्लफ्रेंड से मारपीट भी की थी और इसको लेकर एक प्राथमिकी दर्ज हुई थी
ग्रेटर नोएडा/ हैदराबाद, 26 अगस्त, 2025. निक्की भाटी दहेज हत्याकांड मामले में नया खुलासा हुआ है . जानकारी के मुताबिक, निक्की के पति विपिन भाटी का बाहर किसी महिला से अफेयर चल रहा था और निक्की ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया. बताया यह भी जा रहा है कि पकड़े जाने पर विपिन ने अपनी गर्लफ्रेंड की जमकर पिटाई की थी इसके बाद बात पुलिस तक पहुंच गई और विपिन के खिलाफ प्राथमिकी तक दर्ज हो गई. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, निक्की और उसकी बहन कंचन ने विपिन भाटी को किसी और महिला के साथ जब रंगे हाथों पकड़ लिया इसके बाद विपिन की गर्लफ्रेंड ने खुद उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी जिसमें उसने आरोप लगाया था कि पत्नी ने जब विपिन को रंगे हाथों पकड़ा तो उसने मुझे जमकर पिटाई कर दी. इस प्राथमिकी में विपिन पर गर्लफ्रेंड ने मारपीट और शोषण का आरोप लगाया. बता दें कि, 21 अगस्त को विपिन भाटी ने निक्की के साथ मारपीट की थी. इसके बाद उसे जिंदा जला दिया और उसकी मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, कंचन की शादी उसके बड़े भाई रोहित से हुई थी. उसने विपिन, रोहित और सास — ससुर के खिलाफ भी केस दर्ज किया था. ये चारों फिलहाल पुलिस की गिरफ्त में हैं.
ससुराल वाले बोले — निक्की ने खुद लगाई आग
हाल ही में कंचन के आरोपों को गलत बताते हुए ससुराल वालों ने दावा किया था कि घर में सिलेंडर ब्लास्ट हुआ था और निक्की ने खुद ही जलकर मर गई. हालांकि, पुलिस को मौके से सिलेंडर ब्लास्ट होने के कोई सबूत नहीं मिले थे. इससे पहले ससुराल वालों ने एक सीसीटीवी फुटेज दिखाकर यह भी दावा किया था कि घटना के समय विपिन घर पर था ही नहीं. हालांकि, घटना के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं जिसमें विपिन निक्की के बाल पकड़कर उसे घसीटते नजर आ रहा है. विपिन के 6 साल के बेटे का बयान भी सामने आया है जिसमें उसने बताया कि पहले पापा ने मम्मी को चांटा मारा फिर कुछ डालकर लाइटर से जला दिया. जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच दहेज के अलावा ब्यूटी पार्लर दोबारा खोलने की बात को लेकर भी झगड़ा हुआ था. निक्की दोबारा पार्लर खोलना चाहती थी जबकि विपिन इसका विरोध कर रहा था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच नोकझोंक शुरू हुई थी.
कंचन ने क्या कहा ?
कंचन ने 22 अगस्त को अपनी शिकायत में बताया था कि दोनों बहनों की शादी साल 2016 में एक ही घर में हुई थी. शादी में उन्हें एसयूवी भी दी गई थी लेकिन फिर भी उनकी भूख शांत नहीं हुई. इसके बाद उन्हें एक गाड़ी और दी गई लेकिन वह 35 लख रुपए की डिमांड करने लगे. जानकारी के मुताबिक, शादी के वक्त विपिन को निक्की के घर वालों ने गाड़ी के अलावा सोना और बाइक भी दहेज में दे चुके थे.