हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट

राहुल गांधी ने कहा, मैं हैरान हूं. वोट चोरी पर राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर निशाना साधा है. उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक के आलंद में 6, 018 वोट फर्जी तरीके से डिलीट किए गए हैं. राहुल गांधी ने कहा– मैं हैरान हूं. अब चुनाव आयोग से लोग आ रहे हैं और हमें इन्फो दे रहे हैं
नई दिल्ली/ हैदराबाद, 18 सितंबर 2025. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर से चुनाव आयोग पर हमला बोला है. राहुल गांधी ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोट चोरी करवाने का आरोप लगाया. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को दावा किया कि विपक्ष के वोटरों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ‘ लोकतंत्र की हत्या करने वालों ‘ और ‘ वोट चोरों ‘ की रक्षा कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने यह भी खुलासा किया कि उन्हें यह सब जानकारी कहां से मिल रही है? वोट डिलीट मामले में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि अब चुनाव आयोग के लोग ही आकर उन्हें यह सब जानकारी दे रहे हैं. उन्होंने कहा,’ एक रोचक बात आई कि इलेक्शन कमीशन के अंदर से हमें मदद मिलनी शुरू हो गई है. मैं साफ बोल देता हूं. इलेक्शन कमीशन के अंदर से इनफॉरमेशन आ रही है. पहले ऐसा नहीं हो रहा था. यह रुकेगा नहीं.’ राहुल गांधी ने यह भी कहा कि ज्ञानेश कुमार को ऐसे लोगों को संरक्षण देना बंद करना चाहिए और एक सप्ताह में निर्वाचन आयोग को कर्नाटक की सीआईडी के साथ पूरी जानकारी साझा करनी चाहिए. कांग्रेस नेता के आरोप पर निर्वाचन आयोग की तरफ से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. हालांकि, सूत्र बताते हैं कि कर्नाटक वोट चोरी मामले में चुनाव आयोग ने ही प्राथमिकी दर्ज कराई है.
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या कहा ?
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संवाददाता सम्मेलन में कलबुर्गी जिले के आलंद विधानसभा क्षेत्र के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि कांग्रेस के मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास सुनियोजित तरीके से किया गया. उनके मुताबिक, जिनके नाम हटाने के प्रयास हुए और जिनके नाम का इस्तेमाल कर नाम हटाने के आवेदन दिए गए, उन्हें इसकी जानकारी ही नहीं थी.:– राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ही यह साफ कर दिया कि यह ” हाइड्रोजन बम ” नहीं है और वह आगे आने वाला है.:– राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सीईसी ज्ञानेश कुमार भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करने और ‘ लोकतंत्र की हत्या करने वालों ‘ की रक्षा कर रहे हैं. राहुल गांधी ने कहा,’ मैं अपने लोकतंत्र, देश और संविधान से बहुत प्रेम करता हूं और ऐसी कोई बात नहीं करूंगा जो तथ्यों पर आधारित नहीं हो .’ राहुल गांधी के मुताबिक, आलंदा विधानसभा क्षेत्र में6018 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए आवेदन दिए गए. उन्होंने कहा कि ऐसा कांग्रेस मतदाताओं को निशाना बनाकर किया गया. राहुल गांधी ने दावा किया कि मतदाताओं के नाम हटाने के लिए जिन मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल हुआ वे कर्नाटक के बाहर के थे. राहुल गांधी ने मंच पर कुछ लोगों को पेश किया, जिनके नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास हुआ. राहुल गांधी ने कहा, ‘ इस मामले की जांच कर्नाटक की सीआईडी कर रही है. सीआईडी ने 18 पत्र भेजकर कुछ जानकारियां मांगी… लेकिन यह जानकारी उन्हें नहीं दी गई क्योंकि इससे वहां तक पहुंचा जा सकेगा. जहां से यह अभियान चलाया जा रहा है.
राहुल गांधी ने कहा महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के राजौरा विधानसभा क्षेत्र में इसी तरीके का इस्तेमाल करके 6850 नाम जोड़े गए. राहुल गांधी पटना में ‘ वोटर अधिकार यात्रा’ के समापन के मौके पर ‘ वोट चोरी ‘ से जुड़े अपने पहले के खुलासे का हवाला देते हुए दावा किया था कि ‘ एटम बम ‘ के बाद अब ” हाइड्रोजन बम ” आने वाला है.