
विधायक टंकधर त्रिपाठी ने की मुख्यमंत्री से मुलाकात, जिले में सिंचाई सुविधाओं की समीक्षा के लिए किया अनुरोध

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ के साथ झारसुगुड़ा से रिपोर्टर राजेश साव की रिपोर्ट
झारसुगुड़ा / हैदराबाद, 20 सितंबर 2025. झारसुगुड़ा के विधायक तथा गृह, जीए – पीजी, विधि, खान, वाणिज्य एवं परिवहन तथा वन, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा स्थायी स्थाई समिति के सदस्य टंकधर त्रिपाठी ने आज मुख्यमंत्री मोहनचरण माझी से मुलाकात की और झारसुगुड़ा जिले के विकास से संबंधित कई महत्वपूर्ण समस्याओं से उन्हें अवगत कराया. विधायक त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री को ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि नदी घाटों, जल निकायों और भूजल संसाधनों से भरपूर जिला होने के बावजूद झारसुगुड़ा जिला राज्य में सबसे कम सिंचित जिलों में से एक बना हुआ है. विधायक टंकधर त्रिपाठी ने कहा, मौजूदा सिंचाई ढांचा हमारी कृषक समुदाय की जरूर को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं है. अधिकांश कृषि गतिविधियां अनियमित मानसूनी वर्षा पर अधिक निर्भर हैं, जिससे किसानों को बार-बार फसल हानि और अस्थिर आय का सामना करना पड़ रहा है. इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए विधायक त्रिपाठी ने झारसुगुड़ा में मौजूदा सिंचाई सुविधा की व्यापक समीक्षा करने का मुख्यमंत्री से अनुरोध किया ताकि एक विस्तृत तकनीकी मूल्यांकन किया जा सके और यह पता लगाया जा सके कि सिंचाई कवरेज विस्तार के लिए उपलब्ध जल संसाधनों का इष्टतम उपयोग कैसे किया जा सकता है और अगर ऐसा होता है तो यह अत्यंत लाभकारी होगा ऐसा विधायक टंकधर त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री को सुझाव दिया. दरअसल, झारसुगुड़ा जिले को इब नदी, उसकी कई सहायक नदियां, जलाशय, तालाब और महत्वपूर्ण भूजल भंडार प्राप्त है. उचित नियोजन के साथ इन संसाधनों में नदी लिफ्ट परियोजनाओं, चेक डैम, नहर विस्तार, बोरवेल और आधुनिक सूक्ष्म – जल परियोजनाओं के माध्यम से सिंचाई प्रणालियों को मजबूत करने की अपार संभावनाएं हैं.