एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में ‘ कुर्सीतोड़ ‘ विरोध

बिहार के अररिया में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के सामने ही भाजपा विधायक जयप्रकाश यादव का जमकर विरोध हुआ. कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ नारेबाजी की. कार्यकर्ता भाजपा विधायक से इतने नाराज थे कि पुलिस अधिकारी भी उन्हें शांत नहीं करा पाए, जिससे सम्मेलन में’ कुर्सीतोड़ ‘ प्रदर्शन देखने को मिला.

अररिया / पटना/ हैदराबाद, 20 सितंबर 2025. बिहार के सीमांचल इलाके में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा विधायक जयप्रकाश यादव की वहां मौजूद केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय की मौजूदगी में फजीहत की और ‘ कुर्सीतोड़ ‘ विरोध किया. मिली जानकारी के मुताबिक, अररिया जिले के नरपतगंज हाई स्कूल के मैदान में आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में मीटिंग के दौरान वहां पहुंचे केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के सामने ही स्थानीय विधायक तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता जयप्रकाश यादव की कार्यकर्ताओं जमकर विरोध किया और उनके खिलाफ नारेबाजी की . सूत्र बताते हैं कि भाजपा विधायक जयप्रकाश यादव के खिलाफ एनडीए कार्यकर्ता काफी आक्रोशित और उग्र थे, जिसे शांत कराने में एनडीए संगठन से जुड़े अधिकारियों और पुलिस के अधिकारियों के पसीने छूट गए.

नरपतगंज के भाजपा विधायक जयप्रकाश का विरोध

स्थानीय भाजपा विधायक जयप्रकाश यादव ज्योंही सम्मेलन मंच पर बोलने के लिए खड़े हुए, भारी संख्या में वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनका विरोध करना शुरू कर दिया और उनके खिलाफ जमकर नारे भी लगाए. विरोध कर रहे लोग नरपतगंज भाजपा विधायक जयप्रकाश यादव के खिलाफ बैनर पोस्टर लिए हुए थे और उनको बोलने में रुकावट पैदा करते हुए विधायक जयप्रकाश मुर्दाबाद, जयप्रकाश को हटाना है, नरपतगंज को बचाना है, और जयप्रकाश तेरी खैर नहीं, भाजपा से हमें बैर नहीं जैसे स्लोगन लिखे होर्डिंग्स व बैनर के साथ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. हालांकि, भाजपा विधायक जयप्रकाश के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों को भाजपा और एनडीए के कुछ कार्यकर्ताओं ने समझाने का प्रयास किया लेकिन लोग काफी उग्र और आक्रोशित थे. वे लोग हाथों में कुर्सी और चप्पल लेकर एक दूसरे पर फेंकने लगे .