वास्तु दोष या कोई और वजह… नई सचिवालय बिल्डिंग में क्यों नहीं बैठते सीएम रेवंत रेड्डी ?

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी राज्य सचिवालय की नई बिल्डिंग में बैठना पसंद नहीं करते हैं. वे अपने सभी काम बंजारा हिल्स स्थित पुलिस कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से कर रहे हैं. कहा जा रहा है कि नई इमारत में कुछ वास्तु दोष है जिसके कारण मुख्यमंत्री रेड्डी वहां अशांत महसूस करते हैं. हालांकि, सचिवालय में मंत्रियों और मुख्य सचिवों के कार्यालय है .

हैदराबाद, 21 सितंबर 2025. तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी इन दिनों राज्य सचिवालय की नई बिल्डिंग में बैठना पसंद नहीं करते हैं. मुख्यमंत्री से जुड़े कुछ खास लोगों का कहना है कि जब किसी प्रतिनिधि से उन्हें मिलना होता है, या फिर किसी मेहमान से मुलाकात करनी होती है, तो मुख्यमंत्री इस बिल्डिंग में जरूर आते हैं. दरअसल, सूबे के सीएम रेवंत रेड्डी अपने सभी काम बंजारा हिल्स स्थित हाई सिक्योरिटी वाले तेलंगाना पुलिस कमांड एंड कंट्रोल केंद्र से कर रहे हैं. हालांकि, राज्य सचिवालय की नई बिल्डिंग में ही मंत्रियों, मुख्य सचिवों और शीर्ष अधिकारियों के दफ्तर भी हैं .

नई इमारत में क्यों नहीं बैठते हैं मुख्यमंत्री ?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह नई इमारत 650 करोड़ रुपए में बनी है. इसी सात मंजिला इमारत में मुख्यमंत्री का कार्यालय है. यह नई इमारत तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत राष्ट्र समिति के प्रमुख के चंद्रशेखर राव ( केसीआर ) के समय तैयार की गई थी. चूंकि यह मुख्यमंत्री का ऑफिस होना था, इस लिहाज से इसे भव्य बनाया गया . वहीं, इस बात का भी दावा किया जाता है कि नई बिल्डिंग में मौजूद कुछ वास्तु दोष है. इसी कारण मुख्यमंत्री यहां नहीं बैठते हैं . सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि इमारत का मुख्य प्रदेश द्वारा पहले पूर्व दिशा की ओर था लेकिन बाद में इसको बंद करके दक्षिण — पूर्व दिशा में कर दिया गया.

क्या इस इमारत में असहज महसूस करते हैं मुख्यमंत्री ?
ए. रेवंत रेड्डी के करीबियों का कहना है कि मुख्यमंत्री रेड्डी इस इमारत में बार-बार अशांत महसूस करते हैं और इसकी जब जांच की गई तो पाया गया कि इस इमारत में वास्तु दोष है. इनको ठीक करने का उपाय की बजाए मुख्यमंत्री ने पुलिस कंट्रोल रूम में बैठना ठीक समझा. केवल किसी खास मौके पर ही मुख्यमंत्री इस बिल्डिंग में आते हैं.

कर्मचारी आज भी करते हैं इसी बिल्डिंग में काम
गौरतलब है कि भले ही मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी इस इमारत में बैठना पसंद ना करते हो, लेकिन इस बिल्डिंग में कई सरकारी कर्मचारी अपना काम करते हैं. दावा किया गया है कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी जब पदभार ग्रहण करने के बाद इस इमारत में बैठे, तो उस वक्त कुछ मीटिंग्स की खास बातें लीक हो गई. यह भी एक कारण हो सकता है .