
तेजस्वी की बिहार अधिकार यात्रा में राजद कार्यकर्ताओं का जोश ‘ हाई,’ 6 घंटे की देरी के बावजूद उत्साह बरकरार
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह रिपोर्ट
बिहार में राजद कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी यादव की अधिकार यात्रा का उत्साह पूर्वक स्वागत किया. तेजस्वी ने बिहार की तरक्की के लिए एनडीए सरकार को बदलने का आह्वान किया है. उन्होंने युवाओं को रोजगार देने का वादा किया और भाई बहिन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने ढाई हजार रुपए मिलेंगे.
वैशाली/ पटना/ हैदराबाद, 21 सितंबर 2025. बिहार अधिकार यात्रा को लेकर आज भी राजद कार्यकर्ताओं का उत्साह परवान पर दिखा. करीब 6 घंटे विलंब से वैशाली जिले की सीमा में तेजस्वी यादव के प्रवेश करने के बावजूद राजद कार्यकर्ताओं की भीड़ उन्हें देखना और सुनने को डटी रही. बिहार की तरक्की के लिए राज्य की एनडीए सरकार को बदलने की अपील करते हुए तेजस्वी यादव ने केंद्र और बिहार की एनडीए सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने अधिकार यात्रा को लेकर महुआ में जहां 100 से अधिक ट्रैक्टर की रैली में विधायक डॉ मुकेश रौशन खुद ट्रैक्टर चलाकर नेतृत्व करते दिखे वहीं, बड़ी संख्या में बाइक और अन्य वाहनों से राजद कार्यकर्ता रैली में शामिल दिखे. जबकि वैशाली की सीमा समस्तीपुर के ताजपुर से हाजीपुर तक बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का झंडा लिए स्वागत को मुस्तैद दिखे. हालांकि पातेपुर विधानसभा क्षेत्र के बरडीहा गांव में शाम 8:30 बजे विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव बिहार अधिकार यात्रा के दौरान पहुंचे और जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, बिहार में विकास को तेजी से लाने के लिए और आगे बढ़ाने के लिए इस सरकार को बदल दीजिए. उन्होंने माई बहिन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रति माह ढाई हजार रुपए उनकी सरकार जब बनेगी तो मिलेंगे यानी हर साल 30 हजार रुपए मिलेगा. लोगों से अपील किए गए कि लालू जी के हाथों को मजबूत करें. यहां से लालटेन को जिताएं. यह सरकार गरीब विरोधी है.
6 घंटे देर से पहुंचे तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार बदलेगा तो नौकरी और रोजगार मिलेगा. उन्होंने लोगों से बीजेपी के खिलाफ नारे लगवाए. लोगों से कहा कि यह सरकार किसानों, मजदूरों, युवाओं को तक रही है. गौरतलब है कि तेजस्वी यादव को सुनने के लिए दिन के 11 बजे से ही लोग इकट्ठे होने लगे थे. बार-बार सभा संचालक को अनुरोध करना पड़ रहा था कि अब कुछ ही देर में तेजस्वी पहुंच रहे हैं. शाम 5 बजे तक लोग उन्हें सुनने के लिए अड़े रहे. इस बीच जब तेजस्वी यादव का रथ समस्तीपुर से पातेपुर में पहुंचा तो लोगों में काफी उत्साह दिखा. तेजस्वी यादव रथ पर से ही जनता को संबोधित करना चाह रहे थे लेकिन उनके समर्थकों ने रथ के आगे से घेर लिया और मंच पर चलने का आग्रह करने लगे. अंत में प्रतिपक्ष के नेता जनता और समर्थकों के आगे झुक गए और कुछ मिनट के लिए मंच पर पहुंचकर लोगों को संबोधित किया. और सभा खत्म होने पर महुआ की ओर चल पड़े.