24 सितंबर को सोनिया, राहुल और खड़गे पटना में..

आजादी के बाद पहली बार बिहार को इस आयोजन के लिए चुना गया है. विधानसभा चुनाव से पहले कार्य समिति की बैठक के लिए पटना के चयन का मकसद बिहार में पार्टी की जमीन को मजबूत करना और अपना दमखम दिखाना है.

पटना/ हैदराबाद, 22 सितंबर 2025.1990 में बिहार में बेपटरी हुई कांग्रेस पार्टी खोई हुई जमीन तलाश रही है. पार्टी कमोबेश लालू यादव के सहारे राज्य में चल रही है. लेकिन राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के बाद विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए कार्यकर्ताओं में जोश भर रही है. इसी कड़ी में 24 सितंबर( बुधवार) को बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी दिग्गजों का पटना में जुटान होगा. जिसमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी, और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई बड़े चेहरे शामिल होंगे. पटना के सदाकत आश्रम में होने वाली कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में सभी बड़े नेता भाग लेंगे . इसके लिए बिहार प्रदेश कांग्रेस ने तैयारी तेज कर दी है. आजादी के बाद यह पहला मौका है, जब बिहार को इस आयोजन के लिए चुना गया है. विधानसभा चुनाव के ठीक पहले कांग्रेस कार्य समिति की बैठक के लिए पटना के चयन का मकसद बिहार में पार्टी की जमीन को मजबूत करना और
अपना दमखम दिखाना है. दरअसल, 90 के दशक से कांग्रेस सत्ता से दूर है. उसका जनाधार कम हुआ है. अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा को पाने के लिए पार्टी ने एंडी चोटी का जोर लगा रखा है. राहुल की वोटर अधिकार यात्रा से पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह पनपा है. पार्टी से बरकरार रखना चाहती है. कार्य समिति की बैठक पार्टी मुख्यालय पटना के सदाकत आश्रम में होगी. इसको लेकर तैयार यहां तेज है . बैठक में राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे सहित सभी वरीय नेता शामिल होंगे. तेलंगाना और कर्नाटक के मुख्यमंत्री, सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी और विधायक दल के नेता भी मौजूद रहेंगे. कांग्रेस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पटना में सदाकत आश्रम के पीछे वाले मैदान में रेत भरकर उसे समतल बनाया जा रहा है. वहां जर्मन हैंगर बनाया जा रहा है. सदाकत आश्रम के अलावा पटना में कांग्रेस से जुड़े सभी स्थलों और महापुरुषों की प्रतिमा का रंग– रोगन किया जा रहा है. रविवार को प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, विधायक दल के नेता शकील अहमद खान, विधान परिषद में दल के नेता मदन मोहन झा ने तैयारियों का जायजा लिया. सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस प्रतिनिधियों के पटना में ठहरने के लिए यहां चार होटल में 175 कमरे बुक कराए गए हैं.