पटना में सीएम आवास घेरने निकले युवा कांग्रेसकर्मियों पर लाठीचार्ज, सड़कों पर लेट गए…

युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता भागलपुर के पीरपैंती में अदाणी को बिजली घर के लिए जमीन देने का विरोध कर रहे हैं. उदयभानु चिब, गरीब दास और प्रवक्ता ज्ञान रंजन ने आरोप लगाया कि सरकार ने किसानों की जमीन मुफ्त में बांट दी है.

पटना/ हैदराबाद, 23 सितंबर 2025. पटना में युवा कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता आज मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए सदाकत आश्रम से निकले लेकिन पुलिस ने युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को राजापुर पुल पर ही रोक लिया. उग्र कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ते हुए बीच सड़क पर ही धरने पर बैठ गए. प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब और प्रदेश अध्यक्ष गरीब दास कर रहे थे . बैरिकेडिंग तोड़ निकले कार्यकर्ताओं को पुलिस ने जबरन रोका और उन्हें तितर – बितर करने के लिए लाठियां चलाई, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए. खबर है कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता घंटों बीच सड़क पर लेटे रहे. इस बीच सड़क पर लेटे युवा कांग्रेसियों को पुलिस ने घसीटकर राइट कंट्रोल वाहन मे बैठा लिया. बता दें कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ता भागलपुर के पीरपैंती मे अदाणी को बिजली घर के लिए जमीन देने का विरोध कर रहे हैं. युवा कांग्रेस के नेता उदय भानु चिब, गरीब दास और प्रवक्ता ज्ञान रंजन ने आरोप लगाया कि सरकार ने किसानों की जमीन मुफ्त में बांट दी है. एक रुपए वार्षिक लीज पर 1050 एकड़ और हज़ारों आम के पेड़ दे दिए गए हैं. बताया जा रहा है कि कई कार्यकर्ताओं और नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.