तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना, बोले — हम बिहार को दिलाएंगे रिस्पेक्ट

अति पिछड़ा अधिकार संवाद में तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार और भाजपा पर सीधा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि बिहार तभी विकसित होगा जब पढ़ाई, दवाई, कमाई, सिंचाई और सुनवाई वाली सरकार बनेगी. तेजस्वी ने युवाओं को रोजगार और सम्मान दिलाने का वादा किया तथा अपने विजन को रिस्पेक्ट मॉडल के रूप में पेश किया.

पटना/ हैदराबाद, 27 सितंबर 2025. पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने एक अति पिछड़ा अधिकार संवाद में नीतीश कुमार और भाजपा पर बड़ा हमला बोला . तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्हें संवाद करने का अवसर मिला है और उनका लक्ष्य है नया बिहार बनाना. उन्होंने कहा कि, ” बिहार तभी विकसित होगा जब यहां पढ़ाई, दवाई, कमाई, सिंचाई और सुनवाई वाली सरकार होगी. ” उन्होंने कहा कि वह बिहार को ‘ रिस्पेक्ट’ दिलाएंगे . तेजस्वी ने कहा कि उनके नेता कर्पूरी ठाकुर ने सबसे पहले पिछड़ों को आरक्षण दिलाने का काम किया था. उन्होंने आरोप लगाया कि आज जो लोग केंद्र की सरकार में बैठे हैं, उन्होंने कर्पूरी ठाकुर को गालियां दी थी. तेजस्वी ने दोहराया कि विधानसभा में उन्होंने कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने की मांग की थी . तेजस्वी ने भाजपा को ” आरक्षण चोर पार्टी ” बताया और कहा कि जनता को इससे सावधान रहना चाहिए. उन्होंने कहा, ” हमारी सरकार आई तो 27 प्रतिशत पिछड़ों को आरक्षण देने का काम करेंगे. “

नीतीश कुमार बिहार चलाने लायक नहीं रहे— तेजस्वी
तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, ” अब नीतीश कुमार बिहार चलाने लायक नहीं रह गए हैं. उनकी उम्र हो चुकी है और उनके आसपास कोई भी अति पिछड़ा समाज का प्रतिनिधि नहीं है. वे सिर्फ ठगने का काम करते हैं. ” तेजस्वी ने यह भी कहा कि उनके” चाचा अचित हो गए हैं और हाईजैक भी हो चुके हैं. “

लालू यादव की राजनीति का जिक्र

तेजस्वी यादव ने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने ही अति पिछड़ा समाज को रिस्पेक्ट दिलाया. पहले इस समाज को पीछे बैठाया जाता था, लेकिन लालू प्रसाद यादव के दौर में किसी की हिम्मत नहीं थी कि वे अति पिछड़ा वर्ग के साथ भेदभाव कर सके. तेजस्वी यादव ने युवाओं से वादा किया कि कोई भी बेरोजगार घर पर नहीं बैठेगा. उन्होंने कहा, ” मेरी उम्र भले कच्ची हो, लेकिन जुबान पक्की है. मैं बिहार के युवाओं को रोजगार दिलाऊंगा. “

बिहार के लिए रिस्पेक्ट मॉडल

तेजस्वी यादव ने अपने विजन को रिस्पेक्ट मॉडल के रूप में पेश किया. राजद नेता ने कहा कि उनका मकसद बिहार को रिस्पेक्ट दिलाना और इस देश का सबसे विकसित राज्य बनाना है. • आर — रोजगार, ई — शिक्षा, एस — स्वास्थ्य, पी — पलायन मुक्त बिहार, ई — सामानता, सी — अपराध मुक्त, टी — तकनीक और पर्यटन .