तेलंगाना में पिछड़ी जातियों के लिए 42% आरक्षण कांग्रेस सरकार की सार्थक पहल – सिराज हुसैन

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट
हैदराबाद, 28 सितंबर 2025. कांग्रेस के डीसीसी महासचिव सिराज हुसैन ने कहा है कि तेलंगाना में स्थानीय निकाय चुनावों में पिछड़ी जातियों के लिए 42 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने वाली कांग्रेस सरकार द्वारा जारी शासकीय आदेश एक सार्थक पहल है. कांग्रेस नेता सिराज हुसैन ने सभी राजनीतिक दलों से आरक्षण के उचित क्रियान्वयन में सहयोग करने का आग्रह किया है. उन्होंने शनिवार को तेलंगाना सरकार द्वारा स्थानीय निकाय चुनावों में पिछड़ी जातियों के लिए 42 प्रतिशत आरक्षण के लिए शासकीय आदेश जारी होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि तेलंगाना में रेवंत रेड्डी सरकार द्वारा पिछड़ी जातियों के लिए 42 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करना स्वतंत्र भारत के इतिहास में एक रिकॉर्ड है. सिराज हुसैन ने कहा कि इस राज्य में किसी भी सरकार ने पिछड़ी जातियों को ऐसा आरक्षण कभी नहीं दिया और आज यह मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के प्रयासों से ही संभव हो पाया है. पिछड़ी जातियों के समुदायों ने कहा कि यह आरक्षण राज्य में बहुसंख्यक लोगों को लाने में मदद करेगा. कांग्रेस के जिला महासचिव सिराज हुसैन ने सभी पिछड़ा वर्ग समुदायों से कांग्रेस से जुड़कर स्थानीय निकाय के आगामी चुनावों में कांग्रेस पार्टी का साथ देने का आग्रह किया. उन्होंने आरक्षण का शासकीय आदेश जारी करने में अहम भूमिका निभाने वाले राज्य के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़, मंत्री पोन्नम प्रभाकर और अन्य मंत्रियों का तहे दिल से शुक्रिया अदा किया. कांग्रेस नेता ने कहा कि पिछड़ा वर्ग के विशिष्ट नेता मंत्री पोन्नम
प्रभाकर ने व्यापक जाति सर्वेक्षण से लेकर विधानसभा में आरक्षण विधेयक पेश करने तक विशेष प्रयास किए थे. उन्होंने याद दिलाया कि जब वे सांसद थे, तब उन्होंने तेलंगाना आंदोलन में भी अहम भूमिका निभाई थी . सिराज हुसैन ने कहा, आरक्षण लागू करने के लिए सभी को मिलकर काम करने की आवश्यकता है ताकि स्थानीय निकाय चुनाव सुचारू ढंग से संपन्न हो सके. कांग्रेस नेता ने पिछड़ा वर्ग समुदायों से इस अवसर का लाभ उठाने का आह्वान किया. इस बीच कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा किए गए वादे के मुताबिक, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने पिछड़ा वर्ग के लिए 42% आरक्षण लागू करके एक सार्थक पहल की है.