58वीं पुण्यतिथि पर याद किए गए डॉ राममनोहर लोहिया

हैदराबाद, 12 अक्टूबर, 2025. हैदराबाद के राजेंद्र नगर क्षेत्र में स्थित अत्तापुर के भरत नगर कॉलोनी में प्रख्यात समाजवादी विचारक एवं चिंतक डॉ राममनोहर लोहिया की 58 वीं पुण्यतिथि मनाई गई. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध लोहियावादी विचारक तथा लोहिया विचार मंच, हैदराबाद के अध्यक्ष, सेवानिवृत्त न्यायाधीश टी. गोपाल सिंह और विशिष्ट पत्रकार देहाती विश्वनाथ ने डॉ लोहिया के फोटो चित्र पर पुष्प माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और नमन किया. इस अवसर पर टी. गोपाल सिंह ने डॉ लोहिया के समाजवादी विचारों, उनके संघर्षों और देश के निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया. हैदराबाद स्थित अत्तापुर के भरत नगर कॉलोनी में लोहिया विचार मंच, हैदराबाद अध्यक्ष के आवासीय कार्यालय में आयोजित डॉ रामनोहर लोहिया की पुण्यतिथि के अवसर पर समाजवादी चिंतक टी. गोपाल सिंह ने डॉक्टर लोहिया के योगदान और उनके विचारों की प्रासंगिकता पर चर्चा की और कहा कि समाज में दबे — कुचले लोगों की उम्मीद और मार्गदर्शन का स्रोत थे डॉक्टर लोहिया. उन्होंने कहा, कमजोर और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए डॉ लोहिया जीवनपर्यंत संघर्ष करते रहे . इस मौके पर डॉक्टर लोहिया को याद करते हुए हैदराबाद के वरिष्ठ पत्रकार और इंडिया ब्रॉडकास्ट हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ ने कहा कि डॉक्टर लोहिया ने समाज में समानता की लड़ाई लड़ी. उनके विचार आज भी हमें प्रेरित करते हैं कि हम समाज में हर व्यक्ति को समान अवसर दिलाने का प्रयास करें.

डॉ लोहिया की जीवनी का तेलुगू संस्करण प्रकाशित
इसी क्रम में डॉ राममनोहर समता न्यास, हैदराबाद द्वारा डॉ राममनोहर लोहिया की जीवनी का दूसरा संस्करण तेलुगु भाषा में प्रकाशित किया गया है. जिसका हिंदी में अनुवाद इंदुमती केलकर ने किया है और इसका तेलुगु में अनुवाद आर. वी. रामाराव ने किया है. हालांकि, इस पुस्तक का औपचारिक लोकार्पण निकट भविष्य में एक समारोह में किया जाएगा . सीमित प्रतियां बिक्री के लिए उपलब्ध हैं, जिनमें 10% की पूर्व — रिलीज छूट और डाक शुल्क फ्री है. इच्छुक व्यक्ति फोन नंबर — 9849 121 345 पर संपर्क कर सकते हैं.