हिंदी लेखक संघ हैदराबाद की 609वीं साहित्य गोष्ठी संपन्न,कहानी-कविताओं को सुन लोटपोट हुए लोग
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट

हैदराबाद, 14 अक्टूबर, 2025. हिंदी प्रचार सभा, नामपल्ली के सभागार में हिंदी लेखक संघ, हैदराबाद की 609वीं मासिक गोष्ठी बड़े ही उत्साह के साथ संपन्न होने की खबर है. इस अवसर पर यहां के प्रसिद्ध कवियों और साहित्यकारों ने अपनी मौलिक रचनाओं के माध्यम से समाज, संस्कृति और मानवता के विभिन्न पहलुओं पर
प्रकाश डाला. प्रथम सत्र के दौरान प्रसिद्ध कहानीकार तथा लेखिका डॉ प्रेमलता श्रीवास्तव ने अपनी अत्यंत मार्मिक एवं संदेशात्मक कहानी’ राम रहमान’ का पाठ किया. इस कहानी ने गंगा– जमुनी संस्कृति, सामाजिक एकता और धार्मिक सौहार्द की भावना को बखूबी उभारा. वहीं, अनुवादक जी. परमेश्वर ने साहित्य अकादमी, दिल्ली द्वारा पुरस्कृत, डॉ दसारी वेंकट रमन्ना की तेलुगु कहानी ‘ बेटा जो दामाद बन गया’ का हिंदी अनुवाद प्रस्तुत किया, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा. प्रथम सत्र की अध्यक्षता करते हुए चर्चित कवि अंजनी कुमार गोयल ने कहा कि दोनों कहानियाँ अत्यंत प्रभावशाली, विचारोत्तेजक और समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं. विशेष रूप से’ राम रहमान’ कहानी में जो भाईचारे और मानवता का संदेश निहित है, वह आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक है. जबकि मुख्य अतिथि के रूप में विशाखापट्टनम से यहां पधारे सुप्रसिद्ध शायर सैयद अली ने कहा कि हैदराबाद हमेशा से हिंदू — मुस्लिम एकता का प्रतीक रहा है और यह भावना साहित्य में निरंतर प्रतिबिंबित होती रही है. उन्होंने दोनों लेखकों को सह्रदय बधाई दी. इस मौके पर विशिष्ट अतिथि अतीयब एजाज ( शायर ) नेवी कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के आयोजन हिंदी और उर्दू लेखन को नई दिशा प्रदान करते हैं. कवि गोष्ठी — भावों और विचारों की चाँदनी रही है. द्वितीय सत्र में गीत चाँदनी के अध्यक्ष एवं गीतकार
चंपालाल बैद की अध्यक्षता में एक काव्य गोष्ठी का भी आयोजन हुआ. इसमें सुप्रसिद्ध कवियों ने समाज, संस्कृति, प्रेम और मानवीय मूल्यों पर आधारित कविताएं प्रस्तुत की. काव्य पाठ करने वाले कवियों में
सदानंद लाल गोगीकार, आर. दुर्गाराज पठून, उमेशचंद्र श्रीवास्तव’ नवांकुर ‘, अतीयब एजाज, कवि गोविंद अक्षय, अंजनी कुमार गोयल, डॉ प्रेमलता श्रीवास्तव, सैयद अली ( विशाखापट्टनम), जी परमेश्वर, जलीस भारती, अनिल कुमार गुप्ता, पूनम जोधपुरी, शिवकुमार तिवारी कोहिरी, संत कुमार मंडल ‘ जागृति’, डॉ नागेश्वर राव आदि प्रमुख शामिल रहे. कार्यक्रम का सफल संयोजन और संचालन’ गोलकोंडा दर्पण’ के संपादक और हिंदी लेखक संघ के संयोजक कवि गोविंद अक्षय ने किया. उन्होंने संघ की निरंतर साहित्यिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि यह गोष्ठी हैदराबाद की सांस्कृतिक धारा में हिंदी साहित्य के सतत प्रवाह को बनाए रखने का सशक्त माध्यम है. अंत में कवि संत कुमार मंडल ‘ जागृति’ ने सभी आगंतुक लेखकों, कवियों एवं हिंदी प्रेमी श्रोताओं को विशेष धन्यवाद के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ.