महागठबंधन में खत्म हुआ सीट बंटवारे का सस्पेंस !

महागठबंधन ( इंडिया गठबंधन) में सीट शेयरिंग को लेकर सस्पेंस खत्म हो गया है. दिल्ली में 2 दिन चली बैठकों के दौर के बाद सीटों का बंटवारा फाइनल हो गया है. रविवार रात को दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव की बैठक हुई.

नई दिल्ली/ हैदराबाद, 14 फरवरी, 2025. बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए ने सीट बंटवारा कर लिया है. इस बीच महागठबंधन ( इंडिया) की सीट शेयरिंग को लेकर भी सस्पेंस खत्म हो गया है. सूत्र बताते हैं कि राजधानी दिल्ली में 2 दिन चली बैठकों के दौर के बाद सीटों का बंटवारा फाइनल हो गया है. रविवार रात को दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव की बैठक हुई. इसके बाद दूसरे दौर की बैठक सोमवार को छत्तीसगढ़ की राज्यसभा सांसद फूलों देवी नेताम के घर पर हुई. इस बैठक में राजद की तरफ से तेजस्वी यादव, सांसद संजय यादव और मनोज झा शामिल हुए. जबकि कांग्रेस की तरफ से संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, सीएलपी लीडर शकील अहमद मौजूद रहे . सोमवार रात को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव अपने परिवार के साथ पटना के लिए रवाना हो गए . इसके बाद वे अपने निवास पर पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगे. फिर तेजस्वी मंगलवार शाम तक महा गठबंधन के अन्य घटक दलों के नेताओं के साथ मिलकर सीट शेयरिंग की आधिकारिक घोषणा करेंगे. गठबंधन सूत्रों के मुताबिक, दो दिनों की बैठक में सभी दलों के बीच सीटों पर सहमति बनी है, बस औपचारिक ऐलान बाकी है. उम्मीदवारों के नामों पर भी चर्चा लगभग पूरी हो चुकी है. इस बीच वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी को भी दिल्ली बुलाया गया. सूत्रों की माने तो मुकेश सहनी को राजद ने 18 सीट ऑफर किया है . इन 18 सीटों में से राजद ने 10 अपने उम्मीदवार बनाने की शर्त रखी है . यानी 8 उम्मीदवार मुकेश सहनी के होंगे और 10 उम्मीदवार राजद के होंगे, जो वीआईपी के सिंबल पर चुनाव लड़ेंगे. बताया जा रहा है कि राजद ने सहनी को साफ कर दिया है, अगर चुनाव लड़ना है तो इसी शर्त पर लड़ना होगा. सूत्रों का कहना है कि, राजद के नेताओं की बैठक के बाद मंगलवार को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हो सकती है. इसके बाद संभव है कि पार्टी अपने कोटे की सभी सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा कर देगी. बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु का कहना है कि, सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दिया जा रहा है. जल्द ही उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी. हमारी कोशिश बिहार की जनता के लिए एक अच्छी सरकार बनाने की है. जिस गठबंधन को भी नुकसान ना हो और बिहार को फायदा हो. दूसरी तरफ सीट शेयरिंग से पहले वाम दलों ने सीटों पर उम्मीदवारों को सिंबल देना शुरू कर दिया है. घोसी से रामबली यादव, तरारी से मदन सिंह चंद्रवंशी, और पटना के दीघा से दिव्या गौतम व अगिआंव से शिव प्रकाश रंजन, आरा से कयामुद्दीन अंसारी को उम्मीदवार बनाया गया है. वहीं, राजद ने भी नामांकन शुरू करने के लिए उम्मीदवारों को निर्देश दिया है. भाकपा के राज्य सचिव रामनरेश पांडे ने बिहार की सत्ता से एनडीए को हटाने के लिए राजद और कांग्रेस से त्याग करने की भावना दिखाने की गुजारिश की है . उन्होंने कहा कि दूसरे चरण के बिहार विधानसभा चुनाव का नामांकन शुरू हो गया है, लेकिन महागठबंधन में अभी सीटों का बंटवारा का ऐलान नहीं हुआ है. इससे महंगठबंधन के कार्यकर्ताओं में मायूसी छाई है . रविवार को राजद कार्यालय से पहले चरण के तहत उम्मीदवारों को जल्द से जल्द नामांकन के लिए कहा गया है.