भारतीय उद्योग परिसंघ द्वारा आयोजित ओड़िशा खनन सम्मेलन सह प्रदर्शनी संपन्न

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ के साथ संवाददाता राजेश साव की रिपोर्ट

झारसुगुड़ा / हैदराबाद, 17 अक्टूबर, 2025. सीआईआई ओड़िशा खनन सम्मेलन सह प्रदर्शनी 2025 का आयोजन भारतीय उद्योग परिसंघ द्वारा ओड़िशा सरकार के सहयोग से झारसुगुड़ा में किया गया. इस आयोजन में उद्योग, शासन, शिक्षा और हितधारकों के लगभग 250 से अधिक प्रमुख नेताओं ने भाग लिया और ओड़िशा कि खनन और औद्योगिक क्षेत्र के विकास पर चर्चा की. इस चर्चा में भाग लेते हुए इस्पात और खान मंत्री संपदा चंद्र स्वैन ने संबोधित किया. उन्होंने कहा कि ओड़िशा अब एक खनिज संपन्न राज्य से वैश्विक औद्योगिक केंद्र में बदल रहा है. 2024 से राज्य शासन ने 8 लाख करोड रुपए के निवेश को मंजूरी दी है, जिससे 2.5 लाख से अधिक रोजगार सृजित हुए हैं. पिछले तीन महीनों में ही 5,770 करोड रुपए की 50 परियोजनाएं शुरू की गई है एवं 17,400 करोड रुपए का निवेश किया गया है. उन्होंने झारसुगुड़ा, संबलपुर और सुंदरगढ़ में तीन नए औद्योगिक पार्कों की स्थापना की भी घोषणा की. जहां इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर और बीपीएम जैसी नई परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी– जिससे ओड़िशा 2047 तक एक आर्थिक और रोजगार संपन्न राज्य के रूप में उभर सकेगा . इस मौके पर मौजूद झारसुगुड़ा विधायक टंकधर त्रिपाठी ने उद्योगों से स्थानीय एमएसएमई और युवा उद्यमियों को मार्गदर्शन देने का आह्वान किया. विधायक ने उद्योगों के सहयोग से झारसुगुड़ा में कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र खोले जाने का भी प्रस्ताव रखा. जहां स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा और रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे. इसी कौशल और लॉजिस्टिक्स का विकास होगा एवं तकनीक को प्राथमिकता दी जाएगी व लागत कम की जाएगी, जिससे ओड़िशा को आर्थिक परिवर्तन में मदद मिलेगी.