आर्यसमाज सुस्त पड़ गई है : पूर्व राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय

हैदराबाद, 18 अक्टूबर, 2025. हिमाचल प्रदेश एवं हरियाणा के पूर्व राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा है कि आज की स्थिति में आर्यमाज बिल्कुल ही सुस्त पड़ गई है. आर्यसमाज के सामाजिक कार्यों से अलग होना एवं प्रचार व प्रसार का रुकना चिंता का विषय है . पूर्व राज्यपाल यहां पर आयोजित स्वतंत्रता सेनानी पंडित गंगाराम स्मारक मंच द्वारा ” जीवन संग्राम” एवं” ऋषि चरित्र प्रकाश” पुस्तकें भेंट करने पर अतीत में आर्यसमाज के गौरवपूर्ण कार्यों, शिक्षा के क्षेत्र, सामाजिक विकास, महिला सशक्तिकरण, वेदों और सत्यार्थ प्रकाश की कथाओं, प्रवचनों आर्य सम्मेलनों के आयोजनों पर हर्षोल्लास के साथ सम्मिलित होने का मुझे अवसर मिलता रहा है. अपने युवावस्था में इन अच्छे-अच्छे प्रवचनों के कारण हम बहुत प्रभावित हुए. हरियाणा के पूर्व राज्यपाल ने बताया कि अपने कार्यकाल में पानीपत का मॉडल टाउन आर्य समाज मंदिर बहुत ही बढ़िया सेवा कार्य में लगा हुआ देखा है. दिव्यांगों के लिए स्कूल, कन्याओं के लिए गुरुकुल, महर्षी कृत ग्रंथों और आर्य साहित्य भंडार, यज्ञशाला, लैब टेस्टिंग एवं दैनिक यज्ञ आदि से प्रचार प्रसार सच में बहुत ही आकर्षित करने वाला है. बंडारू दत्तात्रेय ने बताया कि हैदराबाद में ऐतिहासिक आर्यसमाज मंदिर है लेकिन यहां पर आजकल गतिविधियां बहुत ही धीमी हो गई है. आर्य समाज को तुरंत ही सोचना होगा और पूर्व की तरह गौरव प्राप्त करने की आवश्यकता पर ध्यान देना होगा. आयोजित चर्चा में महेश अग्रवाल, केके गुप्ता, आकाश तलवार, रिद्धिष जागीरदार जैन, एवं स्वतंत्रता सेनानी पंडित गंगाराम स्मारक मंच के अध्यक्ष भक्त राम ने भी शिरकत की.