गहलोत और तेजस्वी में 1 घंटे चली मुलाकात, 13 सीटों पर कैसे सुलझेगी बात ?

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ विशेष रिपोर्ट
राजद और कांग्रेस के अलावा इंडिया गठबंधन के अन्य घटक दल यानी वाम दल, वीआईपी आदि के नेताओं की भी आपस में बैठक हो सकती है. विधानसभा चुनाव से जुड़ा हर अपडेट जानिए.
पटना/ हैदराबाद, 22 अक्टूबर, 2025. महागठबंधन में सीट बंटवारे का पेच फंसा हुआ है. आरजेडी, कांग्रेस, वाम दल के बीच 13 सीटों की गांठ ऐसे फंस गई है कि उसे खोलने के लिए बैठकों का दौर चल रहा है. बुधवार सुबह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने तेजस्वी यादव के घर जाकर मुलाकात की. करीब 1 घंटे तक चली बैठक के बाद गहलोत बाहर निकले तो उन्होंने इतना ही कहा कि सब ठीक हो जाएगा. बता दें कि राजद और कांग्रेस के अलावा इंडिया गठबंधन के अन्य घटक दल यानी वाम दल, वीआईपी आदि नेताओं की भी आपस में बैठक हो सकती है. हालांकि महागठबंधन कल गुरुवार को पटना में एक संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस के बाद अपना चुनाव प्रचार शुरू करेगा.
तेजस्वी गहलोत के बीच बैठक खत्म
महागठबंधन में 13 सीटों की गांठ को सुलझाने के लिए पटना पहुंचे अशोक गहलोत की तेजस्वी यादव के साथ बैठक खत्म हो गई है. अब गहलोत राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मिलने रबड़ी निवास पहुंच गए हैं और उनकी लालू यादव से बात हो रही है.
मैं जो कहता हूं, वह करता हूं — तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने कहा है कि वह जो कहते हैं वह करते हैं. इसके लिए उनको प्रमाण देने की जरूरत नहीं.20 दिन में नियम बनाकर देंगे सरकारी नौकरी— तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने कहा है कि बिहार में जिन परिवारों के पास सरकारी नौकरी नहीं है, उनके लिए 20 दिन में नियम बनाए जाएंगे और 20 महीने में उनको सरकारी नौकरी दी जाएगी.
तेजस्वी को सीएम फेस घोषित करने पर कांग्रेस को ऐतराज नहीं
तेजस्वी को मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित करने को लेकर कांग्रेस के सूत्रों का कहना है कि यह हमारी प्राथमिकता नहीं है. लेकिन राजद ने शर्त रखी तो हमें ऐतराज नहीं, क्योंकि आरजेडी महागठबंधन में सबसे बड़ी पार्टी है.
गुरुवार सुबह राहुल– तेजस्वी कर सकते हैं चुनाव प्रचार की शुरुआत
इंडिया गठबंधन पटना में गुरुवार सुबह 11बजे साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन में ऑल इज वेल और एकजुटता का संदेश देगा. जबकि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव एक साथ संयुक्त सभा कर चुनाव प्रचार की शुरुआत भी कर सकते हैं.