हैदराबाद में गौरक्षक पर फायरिंग, तीन गिरफ्तार, बीजेपी ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट
हैदराबाद के बाहरी इलाके में गौ रक्षक पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन
संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है.
हैदराबाद, 25 अक्टूबर, 2025. यहां के बाहरी इलाके में बीते दिनों कुछ हमलावरों ने एक गौरक्षक को गोली मार दी. युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है. बीजेपी ने इस हमले को लेकर तेलंगाना में कानून व्यवस्था पर
सवाल उठाया है. जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि ये मामला आपसी रंजिश का है. मिली जानकारी के मुताबिक, हैदराबाद के बाहरी इलाके पोचारम आईटी कॉरिडोर में बीते दिनों चली गोली की आवाज से हड़कंप मच गया. राचकोंडा के पुलिस आयुक्त सुधीर बाबू ने घटनास्थल का निरीक्षण के बाद मीडिया को बताया कि मेडचल जिले के पोचारम में हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी इब्राहिम समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है . वहीं पुलिस एक अन्य फरार व्यक्ति की तलाश कर रही है. इब्राहिम और उसके दोस्तों ने पुरानी रंजिश के कारण रात के समय सोनू सिंह नाम के एक व्यक्ति पर गोलियां चलाई. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सोनू सिंह कीसरा मंडल के रामपल्ली का एक गौ रक्षक कार्यकर्ता है. वह गौ तस्करी की पहचान करता है और हिंदू समूहों को सूचित करता है. पिछले दिनों इब्राहिम और उसके दोस्तों ने रामपल्ली से कार से आ रहे सोनू सिंह का पीछा किया और जब वह यमनमपल्ली पहुंचा तो इब्राहिम ने कार रोक ली और सोनू सिंह से झगड़ने लगे. उन्होंने दावा किया कि गौ रक्षक दल को वे गायों की तस्करी की सूचना दे रहा था. दोनों के बीच इस बात को लेकर बहस छिड़ गई. दोनों के बीच धक्का मुक्की होने की भी खबर है. इस बीच इब्राहिम ने सोनू सिंह पर बंदूक से दो राउंड गोलियां चला दी और मौके से भाग गया.
खबर है कि एक गोली सोनू सिंह के लीवर में लगी. गोली लीवर में लगने से उसे अचेत अवस्था में सिकंदराबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर सोनू सिंह के शरीर से गोली निकाली. उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है. इस बीच केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र राव और सांसद एटाला राजेंद्र ने सोनू सिंह से अस्पताल जाकर मुलाकात की एवं पुलिस और राज्य शासन को
बिगड़ रही कानून व्यवस्था पर खूब खरी- खोटी सुनाई. पुलिस ने एहतियात के तौर पर अस्पताल की सुरक्षा बढ़ा दी है. किशन रेड्डी ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बूचड़खाना संचालक अवैध रूप से गायों का परिवहन करने वाले मांस विक्रेता गौ रक्षकों पर हमले कर रहे हैं. वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र राव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद से तेलंगाना में कानून व्यवस्था बिगड़ गए हैं.
सांसद एटाला राजेंद्र ने मांग की कि सरकार ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करें. उन्होंने आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार गुंडो को संरक्षण दे रही है.+ भाजपा नेताओं ने डीजीपी
कार्यालय में घुसने की कोशिश की, हुई गिरफ्तारी. गौ रक्षक सोनू सिंह पर गोलीबारी की घटना के विरोध में भाजपा नेताओं ने हैदराबाद के लकड़ी का पुल स्थित डीजीपी कार्यालय में घुसने की कोशिश की. जिससे कार्यालय में भारी तनाव पैदा हो गया. हालांकि, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र राव और कई अन्य नेता डीजीपी कार्यालय में घुसने की कोशिश की, तो पुलिस ने राव समेत अन्य सभी नेताओं को गिरफ्तार कर लिया और थाने ले गई. इस दौरान भाजपा नेताओं के विरोध प्रदर्शन के चलते विधानसभा परिसर में यातायात बाधित हो गया. बाद में सभी नेताओं को निजी जमानत पर छोड़ दिया गया.
