कई राज्यों में चक्रवात मोंथा ने मचाई तबाही

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट

बंगाल की खाड़ी से आए चक्रवात मोंथा का असर दिल्ली– एनसीआर और यूपी — झारखंड में भी देखने को मिल रहा है. यही कारण है कि राजधानी दिल्ली में ठंड दस्तक दे चुकी है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने आज दिल्ली– एनसीआर समेत यूपी — झारखंड के कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी की एडवाइजरी जारी की. वहीं देश के कई हिस्सों में भी तेज बारिश की चेतावनी दी गई है.


नई दिल्ली/ अमरावती/ भुवनेश्वर / हैदराबाद, 30 अक्टूबर, 2025. बंगाल की खाड़ी से आए चक्रवात मोंथा का असर दिल्ली — एनसीआर और यूपी — झारखंड में भी देखने को मिल रहा है. यही कारण है कि राजधानी दिल्ली में ठंडक दस्तक दे चुकी है और तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने आज दिल्ली एनसीआर समेत यूपी और झारखंड, आंध्र प्रदेश के कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी की एडवाइजरी जारी की.

यूपी — राजस्थान के कई हिस्सों में तेज बारिश की चेतावनी

देश में दक्षिण के साथ अब यूपी और राजस्थान के कई हिस्सों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को पूर्वी राजस्थान में कुछ जगहों पर बहुत तेज बारिश हुई. वहीं दक्षिण भारत के राज्य केरल, कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश समेत तेलंगाना और यनम में हल्की से मध्यम बारिश होने की खबर है.

मोंथा चक्रवात ने फसलों को पहुंचा भारी नुकसान
गंभीर चक्रवात ‘ मोंथा ‘ के कमजोर पड़ने के बावजूद ओड़िशा, आंध्र प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में इसका असर पड़ रहा है . ओड़िशा से आंध्र प्रदेश, बंगाल और झारखंड के बीच चलने वाली 61 ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है. वर्षा के कारण मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और झारखंड बिहार में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है . खेतों में खड़ी धान की फसल बिछ गई तो आलू एवं दूसरी सब्जियां खराब हो गई है. इधर राजस्थान में दो दिनों से हो रही वर्षा के कारण खेतों में पानी भर गया, केरल में दो लोगों की मौत हो गई.

सीमांचल के कई जिलों में भी बूंदाबांदी

बिहार में पटना, गया, नालंदा, सिवान, औरंगाबाद, भभुआ, बक्सर, सीतामढ़ी एवं पूर्वी चंपारण में जोरदार वर्षा हुई. पूर्वी बिहार, कोसी और सीमांचल के जिलों में भी बूंदाबांदी हुई. झारखंड में भी रांची, गुमला, लोहरदगा, और हजारीबाग जिलों में वर्ष जारी है .

आंध्रा में 70 किमी की रफ्तार से चल रही हवाएं
ओड़िशा में भुवनेश्वर सहित खुर्दा, कटक, पुरी, केंद्रपाड़ा और जगतसिंहपुर जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही है, जिसके साथ ही हल्की से मध्यम वर्ष भी हो रही है. भुवनेश्वर मौसम केंद्र की निदेशक डॉक्टर मनोरमा मोहंती ने बताया कि अगले 24 घंटे में गंजाम, कालाहांडी, मलकानगिरी, रायगड़ा, गजपति सुंदरगढ़, क्योँझड़, कोरापुट जिलों में तेज वर्षा की संभावना है.