झारसुगुड़ा के पुलिस अधीक्षक जी. रेड्डी राघवेंद्र ” केंद्रीय गृह मंत्री पदक ” से सम्मानित

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ के साथ संवाददाता राजेश साव की रिपोर्ट
झारसुगुड़ा / हैदराबाद, 31 अक्टूबर, 2025. केंद्र सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती ” राष्ट्रीय एकता दिवस ” मनाती है. इस अवसर पर पुलिस विभाग में असाधारण कौशल, साहस और सेवा का परिचय देने वाले पुलिस कर्मियों को ” केंद्रीय गृह मंत्री पदक” देकर सम्मानित किया जाता है. यह पदक प्रत्येक वर्ष विशेष अभियानों, जांच, खुफिया जानकारी एवं अपराध नियंत्रण में विशेष भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों को इस सम्मान से सम्मानित किया जाता है. इसी क्रम में इस अवसर पर इस वर्ष देश भर के 1466 पुलिस कर्मियों को यह प्रतिष्ठित पदक प्राप्त हुआ है. ओड़िशा के लिए यह गौरव की बात है कि यह प्रतिष्ठित सम्मान झारसुगुड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक ( एसपी ) जी. रेड्डी राघवेंद्र को ससम्मान प्राप्त हुआ है. दरअसल, पुलिस अधीक्षक जी. रेड्डी राघवेंद्र ने अपने कार्यकाल के दौरान झारसुगुड़ा जिले में अपराध नियंत्रण, माफिया और अवैध कारोबार के विरुद्ध एवं मादक पदार्थों की तस्करी से निपटने के साथ-साथ झारसुगुड़ा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है. अपने नेतृत्व में उन्होंने आधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी और समयबद्ध पहलों के माध्यम से जिला पुलिस बल को आगे बढ़ाया है. जिला पुलिस अधीक्षक रेड्डी राघवेंद्र को प्रतिष्ठित पदक मिलने की खबर प्राप्त होते ही झारसुगुड़ा जिले के लोगों, पुलिस विभाग के सहयोगियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों ने इस उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई दी है . सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा है कि यह पदक झारसुगुड़ा पुलिस के कार्यों का प्रमाण है और सभी के लिए प्रेरणादायक भी है. इस बीच, यह पदक देश की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस के अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना की मिसाल पेश करता है. झारसुगुड़ा जिले के लोग जिला पुलिस अधीक्षक रेड्डी राघवेंद्र को प्राप्त हुए ” गृह मंत्री पदक” सम्मान से गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं.