बिहार में पहले फेज की वोटिंग खत्म

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में आज राज्य के कई दिग्गज नेताओं ने मतदान किया. इनमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित’ इंडिया’ गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव शामिल हैं .

पटना/ हैदराबाद, 6 नवंबर, 2025. बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान समाप्त हो चुका है . हालांकि, इससे पहले दिन भर राज्य के लोगों में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला. चुनाव आयोग के मुताबिक, शाम 5 बजे तक 60.13 फ़ीसदी मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया. इसके बाद भी कई मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी लाइन देखने को मिली. हालांकि 56 बूथों पर सुरक्षा की दृष्टि से शाम 5:00 बजे ही मतदान समाप्त कर दिया गया. बिहार चुनाव के इस पहले चरण के संपन्न होने के साथ ही तेजस्वी यादव उनके बड़े भाई तेज प्रताप यादव और डिप्टी सीएम विजय सिन्हा समेत बिहार के 16 मंत्रियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है. इससे पहले, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लेकर विपक्षी नेता तेजस्वी यादव तक, बिहार की बड़ी हस्तियों ने पटना में अपना मतदान किया. 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर कुल 1314 उम्मीदवारों का भाग्य तय होगा . एनडीए ( बीजेपी– जेडीयू) और महागठबंधन( आरजेडी — कांग्रेस– वामपंथी) के बीच कांटे की टक्कर है, जबकि प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी तीसरा विकल्प बनकर उभरी है. इस चरण में विपक्षी’ इंडिया’ गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के चेहरे तेजस्वी यादव और बीजेपी के उम्मीदवार तथा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के साथ-साथ 16 मंत्रियों की किस्मत भी दांव पर है.

महागठबंधन के अराजक तत्वों की हरकतें, डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा पर हुए हमले को लेकर मनोज तिवारी बिहार चुनाव में डिप्टी सीएम तथा भाजपा प्रत्याशी विजय कुमार सिन्हा पर हुए कथित हमले को लेकर राजनीति गरमा गई है. बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने इसके लिए महागठबंधन को जिम्मेदार ठहराया है . उन्होंने कहा, ” महागठबंधन के अराजक तत्वों ने लगातार कई जगहों पर ऐसी हरकतें की है. हालांकि, कुछ जगहों पर मामले सामने आए हैं, लेकिन कई जगहों पर नहीं… उनकी निराशा अब दिख रही है क्योंकि आज जो वोटिंग हुई है, उसमें एनडीए कम से कम 70 फ़ीसदी सीटों पर आगे है.

बिहार में बदलाव की लहर है, बंपर वोटिंग हुई : महागठबंधन के डिप्टी सीएम फेस मुकेश साहनी

महागठबंधन के उपमुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार मुकेश साहनी ने पहले फेज के चुनाव को लेकर कहा, ” बिहार में बदलाव की लहर है. बंपर बुकिंग हुई है. मुझे उम्मीद है कि बिहार में परिवर्तन आएगा और महागठबंधन की सरकार बनेगी. ” बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा पर हुए कथित हमले को लेकर उन्होंने कहा, ” वे देश में सत्ता में है. वे राज्य में भी सत्ता में है, इसलिए उन्हें जांच करनी चाहिए. उन्होंने जिस तरह बिहार बनाया है, इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है . जनता उन्हें खदेड़ रही है, जिसका मतलब है कि महागठबंधन की सरकार बन रही है. “

घंटों पहले बंद हुआ इन बूथों पर मतदान, ईवीएम हुई सील

बिहार विधानसभा चुनाव मतदान अपने अंतिम मिनटों में बंद हुई. हालांकि, 56 मतदान केंद्रों पर यह समाप्त हो चुका है. चुनाव आयोग के मुताबिक, सामान्य रूप से मतदान का समय सुबह 7 से शाम 6 तक होता है. लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर सिमरी बख्तियारपुर, महिषी, तारापुर, मुंगेर, जमालपुर और सूर्यगढ़ा में विधानसभा क्षेत्र के 56 मतदान केंद्रों पर मतदान का समय घटाकर शाम 5 बजे कर दिया गया.

हरियाणा की तरह बिहार में भी चुनाव हड़पने की तैयारी में एनडीए : प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को एनडीए गठबंधन पर बड़ा आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि एनडीए बिहार में भी चुनाव को हड़पने की तैयारी कर रही है. यह ठीक वैसा ही जैसे उन्होंने हरियाणा में किया था. बिहार चुनाव के लिए लगातार जनसभाओं को संबोधित करते हुए, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ( ईसी )” हमारे संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर करने के लिए सरकार के साथ मिली भगत कर रहा है. “

उन पर कोई हमला नहीं हुआ, ड्रामा रच रहे हैं डिप्टी सीएम विजय सिन्हा : राजद नेता
डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा पर हुए हमले पर आरजेडी एमएलसी अजय कुमार सिंह ने कहा, ” उनके लोगों ने हमारी गाड़ी रोकी और गुंडागर्दी की. वो चुनाव हार गए हैं, इसलिए बौखलाए हुए हैं . विजय कुमार सिन्हा का चैप्टर बंद हो चुका है.

लालू यादव ने किया मतदान, ‘ बदलाव’ का दिया संकेत
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने आज बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में अपना वोट डाला और संकेत दिया कि राज्य में ” परिवर्तन” होने जा रहा है.

ऐसे प्रशासन पर अधिकार है — भड़के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा

बिहार के डिप्टी सीएम और भाजपा प्रत्याशी विजय कुमार सिन्हा ( प्रत्याशी बीजेपी लखीसराय) ने कहा, ” ये राजद के गुंडे हैं. सत्ता में आए ही बिना ये गुंडे बिहार के डिप्टी सीएम को बाहर जाने के लिए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं… यहां के एसपी कायर और कमजोर हैं जो यहां आकर कह रहे हैं कि मतदान शांतिपूर्ण हो रहा है… यदि किसी भी तरह की कोई घटना होती है तो हम यहीं पर धरना प्रदर्शन करेंगे… ऐसे प्रशासन को धिक्कार है.