
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की रिपोर्ट
हैदराबाद, 7 नवंबर, 2025. गीत चाँदनी के तत्वावधान में प्रतिमास आयोजित होने वाला कवि सम्मेलन यहां से 30 किलोमीटर दूर स्थित ऐतिहासिक चिल्कुर बालाजी मंदिर, गंडीपेट तट के किनारे सौहार्द वातावरण में संपन्न हुआ. गीत चाँदनी के अध्यक्ष व गीतकार चंपालाल बैद की अध्यक्षता एवं कार्यक्रम का संचालन संस्था के कार्यदर्शी सह’ गोलकोण्डा दर्पण ‘ के संपादक कवि गोविंद अक्षय ने किया. वहीं, उर्मिला वर्मा, ठाकुर दिनेश सिंह और राजेश सिंह वर्मा विशेष अतिथि के रूप में मंच पर मौजूद रहे. कार्यक्रम के आरंभ में मां गंगा की पूजा अर्चना एवं गीत विसर्जित किए गए . तत्पश्चात विश्व शांति, विश्व बंधुत्व, राष्ट्रीय एकता और सद्भावना के निमित्त
चिल्कुर बालाजी मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना संपन्न हुई. यह कवि सम्मेलन गीत चाँदनी के वरिष्ठ हिंदी एवं उर्दू कवि के संस्थापक कार्यदर्शी कीर्तिशेष नेहपाल सिंह वर्मा को समर्पित किया गया. आयोजित कवि सम्मेलन में कवियों ने भक्ति, राष्ट्रीय एकता, सद्भावना और देश की वर्तमान समस्याओं पर अपने गीत, गजल और नई कविताओं के साथ-साथ हास्य व्यंग्य कविताओं का पाठ किया. कवि सम्मेलन का शुभारंभ कवि संतोष कुमार मिश्र ‘ माधुर्य’ द्वारा मां सरस्वती की बंदना से हुआ . काव्य पाठ करने वालों में कवि गोविंद अक्षय, डॉ. प्रेमलता श्रीवास्तव, शिवकुमार तिवारी कोहिरी, अनिल कुमार गुप्ता, सत्यनारायण काकड़ा, ठाकुर दिनेश सिंह, सुनील मिश्रा, ममता मिश्रा, संतोष कुमार मिश्र’ माधुर्य ‘, डी. प्रेमराज, ललित कुमार अग्रवाल, उमेश चंद्र श्रीवास्तव
‘ नवांकुर’, और अंजनी कुमार गोयल प्रमुख रहे. सभी कवियों ने अपनी सुंदर कविताओं के माध्यम से सभी श्रोताओं को आनंदित किया. इस बीच साहित्यकारों ने बताया कि ‘ वीसा बालाजी’ के नाम से विख्यात इस मंदिर में विराजमान बालाजी की दिव्य व भव्य मूर्ति अत्यंत मनोहारी है. इस मंदिर का निर्माण गोलकोण्डा के तत्कालीन मंत्री व सेना नायक अक्कन और मादन्न द्वारा किया गया था, जो सुप्रसिद्ध भद्राचलम के मामा रामदास के मामा थे. कवि गोविंद अक्षय मैं बताया कि नेहपाल सिंह वर्मा ने गीत चाँदनी की स्थापना की थी,जो प्रतिमास पूर्णिमा की रात गोष्ठी का आयोजन करती है. वे निर्भीक और निष्पक्ष लेखन के लिए जाने जाते थे और हिंदी साहित्य कार्यक्रमों के प्रचार प्रसार में सदैव अग्रणी रहे . इस मौके पर ठाकुर दिनेश सिंह, राजेश सिंह वर्मा, उर्मिला वर्मा ने कार्यक्रम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संस्था की गतिविधियों की सराहना की एवं उपस्थित सभी कवियों, शुभचिंतकों को बधाई दी . आयोजित कार्यक्रम में संध्या वर्मा, ठाकुर प्रभात सिंह, कामिनी सिंह, ठाकुर यथार्थ सिंह, मीरा गुप्ता, रमेश कुमार मिश्रा, विश्वनाथ पेंढ़ारकर ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम का मान बढ़ाया . इस दौरान कथाकार डॉ प्रेमलता श्रीवास्तव द्वारा इस महीने प्रोत्साहन राशि रुपए 11 00/ कवि सत्यनारायण काकड़ा को प्रदान की गई . अंत में धन्यवाद ज्ञापन के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ .