नशे में धुत मिले सांसद

तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के मोईनाबाद में भारत राष्ट्र समिति ( बीआरएस ) के पूर्व विधायक पायलट रोहित रेड्डी के फार्म हाउस में कथित रूप से मादक पदार्थों के इस्तेमाल और गोलीबारी की घटना ने शनिवार की रात हलचल मचा दी . पुलिस के मुताबिक, रात 9:30 बजे हैदराबाद के पास अजीज नगर इलाके में स्थित बीएमआर फार्म हाउस में बिना अनुमति के शराब और संदिग्ध ड्रग्स पार्टी चल रही थी. खबर मिलते ही विशेष ऑपरेशन स्कीम और स्थानीय पुलिस ने छापेमारी की और सभी को पकड़ लिया.

हैदराबाद, 15 मार्च 2026. तेलंगाना में तेलुगु देशम पार्टी के सांसद पी. महेश कुमार एक पार्टी के दौरान नशे में मिले. उनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली है. इसके अलावा इस पार्टी में कई नामचीन हस्तियां भी शामिल थी. पुलिस का कहना है कि दबिश देने पहुंची पुलिस टीम पर इस दौरान फायरिंग भी की गई. हालांकि, पुलिस ने यहां मौजूद सभी लोगों को हिरासत में ले लिया. इस दौरान पुलिस को मौके से कुछ नशीला पाउडर भी मिला है. इसके अलावा सांसद सहित पांच लोगों की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली है. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.

कारोबारी नमित शर्मा ने चलाई गोली

यहां के चेवेल्ला इलाके के डीसीपी योगेश गौतम ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस टीम रात 9:30 बजे के करीब फार्म हाउस में बिना अनुमति के चल रही पार्टी पर दबिश दी. मौके पर पहुंचते ही दिल्ली स्थित रियल एस्टेट कारोबारी नमित शर्मा ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. मालूम पड़ा है कि बंदूक पूर्व विधायक रोहित रेड्डी के छोटे भाई रितेश रेड्डी की थी और इसका लाइसेंस वैध था, पुलिस ने मौके से 2 ग्राम सफेद पाउडर ( नशीली दवा ) बरामद की है . खबर है कि आयोजित पार्टी में जनप्रतिनिधि, रियल एस्टेट कारोबारी और अन्य व्यापारी शामिल थे.

जांच के लिए भेजे गए सैंपल

डीसीपी योगेश गौतम ने बताया, वहां मौजूद लोगों में पूर्व विधायक पायलट रोहित रेड्डी, टीडीपी के एलुरु सांसद पुत्त महेश कुमार, रितेश रेड्डी, नमित शर्मा, एम रमेश, श्रवण कुमार, विजय कृष्ण, रवि, अर्जुन रेड्डी और शरीफ रेड्डी ( महिला) प्रमुख शामिल थे. जांच के लिए इन सभी के अतिरिक्त सैंपल लैबोरेट्रीज को भेज दिए गए हैं .

11 लोगों को लिया गया हिरासत में

ईगल फोर्स के एसपी आर. गिरधर ने बताया, ” हमने एक फार्म हाउस पर छापा मारा, जहां एक व्यक्ति हथियार का इस्तेमाल कर रहा था. वहां पकड़ी गई एक महिला की पहचान शरीफ रेड्डी के रूप में हुई है.

पूर्व विधायक के फार्म हाउस पर हुई पार्टी
जानकारी है कि यहां के मोईनाबाद में पूर्व विधायक पायलट रोहित रेड्डी के फार्म हाउस पर हुई पार्टी में नशीले पदार्थ पाए गए हैं. पार्टी में शामिल लोगों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने वीकेंड पार्टी मुख्य रूप से आपसी मेलजोल बढ़ाने के उद्देश्य से रखी हुई थी.

कांग्रेस ने की सख्त कार्रवाई की मांग

इस पूरे मामले को लेकर तेलंगाना के वरिष्ठ कांग्रेस नेता वी. हनुमंत राव ने कहा कि राज्य सरकार नशीले पदार्थों के इस्तेमाल के विरुद्ध सख्त कदम उठा रही है. फिर भी यहां के मोईनाबाद में पूर्व विधायक के फार्म हाउस पर हुई पार्टी में नशीले पदार्थ पाए गए. ऐसा कब तक चलता रहेगा? कांग्रेस नेता हनुमंत राव ने इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.