लुटेरों ने फिल्मी अंदाज में एक करोड रुपए लूटे, मिर्च पाउडर का किया इस्तेमाल
समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की सनसनीखेज रिपोर्ट
हैदराबाद, 17 मार्च 2026. यहां के कुकटपल्ली इलाके में आधी रात को एक बेहद सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है . लुटेरों ने फिल्मी अंदाज में दो लोगों पर हमला कर उनसे करीब एक करोड रुपए लूट लिए. यह वारदात सोमवार देर रात उस समय हुई, जब पीड़ित बाइक पर सवार होकर जा रहे थे. लुटेरों ने मिर्च पाउडर का इस्तेमाल कर उन्हें असहाय बना दिया और कैश से भरा बैग लूट कर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस तेजी से लुटेरों की तलाश में जुटी है .पुलिस के मुताबिक, पीड़ितों की पहचान खुर्शू व अजीमुद्दीन के तौर पर हुई है, जो बहादुरपुरा इलाके के रहने वाले हैं. दोनों व्यक्ति सोमवार देर रात एक दो पहिया वाहन से मोटी रकम लेकर जा रहे थे.तभी कुकटपल्ली इलाके में अचानक चार लुटेरे मोटरसाइकिल पर आए और उन्होंने इनका रास्ता रोक लिया. इससे पहले की दोनों कुछ समझ पाते, लुटेरों ने पूरी साजिश के तहत उन्हें घेर लिया और वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर ली. जैसे ही लुटेरों ने दोनों को रोका और तुरंत उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया. इस हमले से दोनों पीड़ित पूरी तरह से घबरा गए और कुछ देर के लिए कुछ देख नहीं पाए. इसी मौके का फायदा उठाकर लुटेरों ने उनके पास मौजूद कैश से भरा बैग लूट लिया. घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित संभल भी नहीं पाए और लुटेरे कुछ ही सेकंड में मौके से फरार हो गए. उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पीड़ितों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. पुलिस ने आसपास के इलाके में घेराबंदी भी की, लेकिन तब तक लुटेरे फरार हो चुके थे . पुलिस ने अब एक मामला दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि लुटेरे पहले से पीड़ितों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और उन्होंने पूरी प्लानिंग के साथ इस घटना को अंजाम दिया. हालांकि, पुलिस इस बात पर भी फोकस कर रही है कि, पीड़ितों के पास इतनी बड़ी रकम कहां से आई. शुरुआती तौर पर हवाला ट्रांजैक्शन होने का शक भी जताया जा रहा है . पुलिस लगातार दबिश दे रही है ताकि जल्द लूटी गई रकम बरामद की जा सके और लुटेरों को पकड़ा जा सके